आत्मनिर्भर मिशन के अंतर्गत कंसलटेंसी टीम द्वारा अधिकारियों, किसानों से बैठक में चर्चा की गई

रतलाम । शासन के आत्मनिर्भर मिशन के अंतर्गत रतलाम जिले में सोयाबीन फसल के लिए वेयर हाउस निर्माण, ग्रेडिंग, इकाइयों की स्थापना तथा सोया प्रोसेस इकाइयों की स्थापना के लिए कंसल्टेंसी टीम द्वारा रविवार को बैठक में कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डॉड तथा किसानों के साथ चर्चा की गई। बैठक में पूर्व किसान आयोग अध्यक्ष श्री ईश्वर लाल पाटीदार, फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन के श्री हरिराम शाह, उप संचालक उद्यानिकी श्री पी.एस. कनेल, कृषि विभाग के सहायक संचालक श्री नरगेश, जीएम सीसीबी के श्री आलोक जैन तथा जिले के विभिन्न किसान उपस्थित थे।
बैठक में भारत सरकार द्वारा अधिकृत नॉलेज पार्टनर बोस्टन कंसलटेंसी टीम के श्री उत्कर्ष अग्रवाल तथा श्री समर्थ द्वारा रतलाम जिले के लिए सोयाबीन फसल का आत्मनिर्भर मिशन के तहत चयन के संदर्भ में विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया। जिले में आत्मनिर्भर मिशन के तहत दिए जाने वाले ऋण तथा अनुदान से किस प्रकार किसान लाभान्वित हो सकते हैं इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। बताया गया कि आत्मनिर्भर मिशन के तहत 2 करोड रुपए तक के ऋण, सोया प्रोसेस इकाइयों की स्थापना, वेयर हाउसेस तथा ग्रेडिंग प्लांट आदि के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पर ब्याज में 3 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। इसके अलावा कृषि अधोसंरचना फंड के बेहतर इस्तेमाल पर भी चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि बोस्टन कंसलटेंसी ग्रुप टीम द्वारा रतलाम जिले में सोयाबीन फसल पर आधारित विभिन्न प्रोसेसिंग की स्थापना, रखरखाव के लिए वेयर हाउसेस निर्माण की स्थिति, विभिन्न कमियों आदि बिंदुओं पर अध्ययन किया जा रहा है। इस दिशा में उनके द्वारा बेहतर कार्य योजना बनाने के लिए जिले का भ्रमण किया गया है।