लेखिका नवनीता चौरसिया का जबलपुर में सम्मान

जावरा (अभय सुराणा) । नगर की प्रतिभावान साहित्यकार एवं लेखिका श्रीमती नवनीता_विनोद चौरसिया का जबलपुर में कादंबरी संस्था द्वारा उनके विविधा संग्रह “मन नवनीत” के लिए सम्मान किया गया।
जबलपुर की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था कादंबरी द्वारा वर्ष 2024 के लिए जबलपुर स्मृति सम्मान समारोह के अध्यक्ष आचार्य श्री भगवत दुबे के कर कमलों से नवनीता विनोद चौरसिया को प्रतीक चिन्ह, शाल , प्रशस्ति पत्र और नगद राशि प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिक एवं पूरे देश के साहित्यकार उपस्थित थे। कार्यक्रम का कुशल संचालन, ऊर्जावान श्री राजेश पाठक “प्रवीण” ने किया।
नवनीता चौरसिया ने सम्मान प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गौरव की अनुभूति वाला क्षण बताया। उल्लेखनीय है कि नवनीता चौरसिया के पिता स्व. प्रोफेसर (डॉ) जवाहरलाल चौरसिया “तरुण” जबलपुर एवं प्रदेश के प्रतिष्ठित लेखक एवं साहित्यकार रहे हैं। श्रीमती चौरसिया ने अपनी उपलब्धि को अपने पिता को समर्पित करते हुए उनका स्मरण किया एवं बताया कि पिताजी द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से ही लेखन कार्य को आगे बढ़ा रही हैं।

Play sound