रतलाम । भारतीय डाक विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 09 से 15 वर्ष आयु तक के छात्र-छात्राओं के लिए ’’अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2025’’ का आयोजन किया जावेगा । इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय है :
’कल्पना करो कि तुम महासागर हो। किसी को यह पत्र लिखो, जिसमें यह समझाओ कि वे तुम्हारी अच्छी देखभाल क्यों और कैसे करें ।’’
“Imagine you are the ocean. Write a letter to someone explaining why and how they should take good care of you.”
अंतर्राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता – 2025, संभागीय स्तर पर रतलाम प्रधान डाकघर में दिनांक 16.03.2025 (रविवार) को सुबह 10.00 बजे से 11.00 बजे तक आयोजित की जायेगी । इस प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए आवेदन पत्र अधीक्षक डाकघर, रतलाम संभाग रतलाम 457001 के पते पर प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10.03.2025 है। प्रतियोगिता के अंतर्गत छात्र-छात्राएँ अंग्रेजी अथवा हिन्दी भाषा में पत्र लेखन कर सकते हैं ।
मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रथम तीन विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः रु. 25,000/-रु. 10,000/- एवं रु. 5,000/- तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया जावेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः रु. 50,000/- रु. 25,000/- एवं रु. 10,000/- तथा एक प्रमाण पत्र प्रदान किया जायेगा।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन विजेता प्रविष्टियों को चयनित करेगा तथा सर्वोत्तम 03 प्रविष्टियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण पत्र प्रदाय किया जायेगा। साथ ही वैश्विक डाक संघ द्वारा चयनित प्रतिभागियों को अन्य पुरस्कार भी प्रदाय किए जाएंगे।
स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को वैश्विक डाक संघ के मुख्यालय बर्न, स्विट्जरलैंड की यात्रा करने का प्रस्ताव या एक वैकल्पिक पुरस्कार यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन के विवेकाधिकार पर निश्चित किया जायेगा ।
अतः 09 से 15 वर्ष आयु तक के सभी छात्र-छात्राओं से अनुरोध है कि ये उपरोक्त प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए विस्तृत जानकारी मोबाइल नंबर 9425972971 से प्राप्त कर सकते है । विस्तृत जानकारी डाक विभाग की वेबसाइट https://www.indiapost.gov.in पर उपलब्ध है।