दिनकर सोनवलकर स्मृति सम्मान से हुए अलंकृत पंडित सुरेश नीरव

जावरा ( अभय सुराणा) । अखिल भारतीय सर्वभाषा संस्कृति समन्वय समिति एवं अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, जावरा के तत्वावधान में प्रतिष्ठित करनावट परिसर के वातानुकूलित सभागार में अंतर्राष्ट्रीय काव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय ख्याति लब्ध पंडित सुरेश नीरव को प्रतिष्ठित साहित्यकार स्वर्गीय दिनकर सोनवलकर की स्मृति में दिए जाने वाले अति प्रतिष्ठित स्वर्गीय दिनकर सोनवलकर स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। यह पुरस्कार स्वर्गीय दिनकर सोनवलकर की पुत्रवधू डॉ पंकजा सोनवलकर,महोत्सव के संयोजक डॉ प्रकाश उपाध्याय “क्षितिज” तथा समस्त कवियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया । इसी अवसर पर लोकप्रिय चिकित्सक एवं प्रतिष्ठित कवि साहित्यकार डॉ प्रकाश उपाध्याय की सद्यः प्रकाशित काव्य कृति सृजन के स्वर का भी भव्य लोकार्पण किया गया। उपरोक्त अवसर पर एक अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया जिसमें शिकागो, अमेरिका से आईं प्रवासी कवयित्री शिखा मेहता , ज्ञान चंद मर्मज्ञ (बेंगलुरु), मधु मिश्रा (नोएडा), यशपाल सिंह “यश” (मुंबई), उमानाथ त्रिपाठी ( गौतमबुद्ध नगर) शकुंतला सरयूपरिया ( उदयपुर), डॉ राखी सिंह कटियार (बडोदरा), डॉ राजीव शर्मा ( उज्जैन) तथा दिनेश दवे( इंदौर),डॉ प्रकाश उपाध्याय जावरा ने काव्य पाठ किया । अंत में सभी काव्य मनीषियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर एवं शॉल ओढ़कर सम्मानित किया गया । इस अवसर पर नगर के गणमान्यजनों एवं पत्रकारों ने उत्साहजनक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।