पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर रतलाम पुलिस द्वारा फरियादियों/पीड़ितों से लिया फीडबैक

  • पिछले माह 1178 फरियादियों में से 1163 पुलिस की कारवाई से संतुष्ट एवं 15 असंतुष्ट
  • असंतुष्ट फरियादियों की समस्याओं को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया जाएगा निराकरण

रतलाम । पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार द्वारा आम जन की थाने पर त्वरित सुनवाई करने एवं फरियादी/पीड़ित के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनकर त्वरित वैधानिक निराकरण करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए है।
पुलिस द्वारा आम जनता की शिकायतों पर की गई कारवाई एवं पुलिस का फरियादियों / पीड़ितों के साथ पुलिस के व्यवहार का फीडबैक लेने हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा फीडबैक सेल के माध्यम से फरियादियों/पीड़ितों से संपर्क कर उनका अनुभव पूछा गया।
रतलाम जिले के सभी थानों पर पिछले माह में 678 FIR एवं 940 शिकायत/आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा के मार्गदर्शन में फीडबैक सेल टीम द्वारा सभी फरियादियों एवं पीड़ितों से संपर्क किया गया। जिसमें से 1178 फरियादियों से संपर्क हुआ। इन सभी से पुलिस द्वारा की गई कारवाई एवं पुलिस के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया गया। 1178 फरियादियों/पीड़ितों में से 1163 फरियादी/पीड़ित पुलिस की कारवाई से संतुष्ट थे जबकि 15 फरियादियों द्वारा पुलिस की कारवाई से असंतुष्ट होना बताया।
15 असंतुष्ट फरियादियों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी एवं सुझाव लेकर उनके संतुष्टिपूर्वक निराकरण के निर्देश पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित थाना प्रभारियों के दिए गए है। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की शिकायतों का त्वरित रूप से संतुष्टिपूर्वक निराकरण करना एवं अपराधियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कारवाई कर आम जन मानस को न्याय दिलाना है।