मानवता पर कलंक है पहलगाम की अमानवीय घटना – कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

सनातन सोश्यल ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मृतकों को दी श्रद्धांजलि

रतलाम, 26 अप्रैल। सनातन सोश्यल ग्रुप ने पहलगाम में जेहादियों द्वारा धर्म पूछकर मारे गए निर्दोष नागरिकों को कालिका माता परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अखंड ज्ञान आश्रम के स्वामी देवस्वरुपानंदजी की उपस्थिति में भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप, महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, पुष्पेन्द्र जोशी ने संबोधित कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
सनातन सोश्यल ग्रुप संयोजक मुन्नालाल शर्मा, अध्यक्ष अनिल पुरोहित ने बताया कि स्वामी देवस्वरुपानंदजी ने आशीर्वचन में हिन्दू समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने पहलगाम की घटना को अमानवीय बताते हुए मानवता पर कलंक निरुपित किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने 30 सालों से आतंक के कुचक्र में फंसे होने की बात कह कर जता दिया है कि भारत के प्रधानमंत्री मोदीजी के संकल्प के सामने पाकिस्तान के पसीने छूट रहे हैं। भारत एक सक्षम देश है और कुछ दिनों में ही इस अमानवीय घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों को सबक सिखा देगा। इस घटना ने सम्पूर्ण मानव समाज को झझकोर दिया है, क्योंकि आतंकियों ने धर्म पूछ कर हत्याएं की है। उन्होंने कहा भारत का नेतृत्व ऐसे सशक्त हाथों में है जो कभी भी ऐसी घटनाओं से विचलित होने वाला नहीं है और करारा जवाब देने में सक्षम है। कार्यक्रम का संचालन रामबाबू शर्मा ने किया। आभार रवि पंवार ने माना।