स्वच्छता से भी स्वाभिमान जागृत होता है

रतलाम । विकास का संकल्प लेकर आगे बढने और देश में नंबर एक कहलाने की इच्छा रखने वाले समाज में हर व्यक्ति का स्वाभिमानी होना आवश्यक होता है। व्यक्ति-व्यक्ति के मन में अपने शहर के प्रति जब अभिमान जगता है, तो हर व्यक्ति स्वाभिमानी होता है। और हर व्यक्ति के शहर के विकास के लिए स्वच्छता आवश्यक है, तो स्वच्छता से भी स्वाभिमान जागृत होता है। स्वच्छ तन, स्वच्छ मन और स्वच्छ बुद्धि होने पर ही व्यक्ति अपने घर और परिवेश की स्वच्छता पर ध्यान देता है। और ऐसा तभी करता है, जब उसका स्वाभिमान जगता है। इस दृष्टि से दोनों अंतर संबंधित हैं। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। सहचर हैं। स्वाभिमानी मनुष्य बहुत ही सहजता से साफ-सफाई करता और करवाता है। स्वच्छता उसके जीवन का ध्येय हो जाती है। ऐसे वातावरण में स्वाभिमान का भाव भी जगता है।
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2021 के अंतर्गत निगमायुक्त सोमनाथ झारिया द्वारा लगातार शहर के सभी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान नगर निगम द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। इसके साथ-साथ ही कचरा मुक्त स्थानों पर आकर्षक रांगोली और दीपदान के माध्यम से सफाई मित्र समूह के माध्यम से लोगों को जागरुक किया जा रहा है।
रतलाम शहर के सैकड़ों स्थानों पर खुले में कचरा डालने वालों को रोकने के लिए नगर निगम की और से अनोखा प्रयोग किया और सैकड़ों स्थान कचरा मुक्त हुए और इन पर रांगोली के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही उन सार्वजनिक स्थानों, बागीचों, खेल मैदानों आदि स्थानों पर भी स्वच्छता का संदेश दिया जाकर स्वच्छता की दौड़ में रतलाम को नम्बर-1 बनाने का आव्हान लोगों से किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया के निर्देश व स्वास्थ्य अधिकारी एपी सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने कूड़ा केवल डोर टू डोर कूड़ा ढोने वाले वाहनों में ही डाले। खुले में कचरा डालने वालों पर नगर निगम द्वारा जुर्माने की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
नगर निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया के निर्देशानुसार अब शहर के सार्वजनिक स्थलों पर लोगों से शहर को साफ और सुंदर बनाए रखने की अपील की जा रही है। इस दौरान 9 जनवरी शनिवार को सफाई मित्र समूह की टीम ने आधा दर्जन स्थानों पर स्थित कचरा मुक्त स्थानों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर पर रांगोली बना कर इन क्षेत्रों के रहवासियों को स्वच्छता की शपथ दिला कर दीप दान किया गया है। इस दौरान कोविड-19 महामारी के बढ़ते प्रकोप के देखते हुए लोगों से आव्हान किया गया कि जब तक कोरोना का कारगर उपचार उपलब्ध नही हो पाता है. ऐसे में हमे मास्क का उपयोग, दो गज की दूरी और हाथों को सेनेटाईज कर अपने जीवन को बचाना चाहिए।

Play sound