जिला गोपालन एवं पशु संवर्धन समिति की बैठक सम्पन्न

रतलाम। निराश्रित गोवंश के पालन के लिए जिले में संचालित गौशालाओं के सुचारू संचालन के लिए गठित जिला गोपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति की बैठक आज कलेक्टर श्री राजेश बाथम की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में पशुओं के चारे एवं भूसे की व्यवस्थाओं तथा गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय अर्जित करने संबंधित गतिविधियों के बारे में चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में शिव गौशाला ग्राम पंचायत लूनेरा रतलाम का म.प्र. गौसंवर्धन बोर्ड भोपाल में पंजीयन, कामधेनु नन्दनी गौधाम ग्राम पंचायत रियावन पिपलौदा शासकीय गौशाला का पंजीयन, रतलाम जिले में स्वावलंबी गौशाला कामधेनु निवास की स्थापना नीति 2025 हेतु 5000 निराश्रित गौवंशों हेतु 125 एकड भूमि के चिन्हांकन हेतु भूमि चयन करने संबंधित निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री बाथम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्ययोजना बनाकर समन्वित कार्यवाही करें। जिले में एनएलएम योजान्तर्गत जिले की तीन गौशालाओं गोपाल गौशाला न्यास रतलाम, सागोद गौशाला (नगर निगम) एवं मनरेगा योजनान्तर्गत एक गौशाला में साइलेज निर्माण हेतु शासन स्तर पर आवेदन करें। ग्राम पंचायत स्तर पर मृत गौवंशों की सम्मानपूर्वक अंत्येष्टि करने हेतु जिला पंचायत (मनरेगा) से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करें। कृषि विभाग तहसील स्तर पर गौशाला संचालकों को आय अर्जित करने के लिए जैव उर्वरक, बायो गैस एवं अन्य जैव उत्पादों के निर्माण के सम्बन्ध में प्रशिक्षण दें।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रृंगार श्रीवास्तव, आयुक्त नगर निगम श्री हिमांशु भट्ट, उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डा. नवीन शुक्ला, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवाएं श्री अभिषेक पंवार, उपसंचालक कृषि श्री निर्भयसिंह नर्गेश, सचिव कृषि उपज मण्डी श्री मानसिंह मुनिया, ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि श्री जुझारसिंह जोधा, उपाध्यक्ष समिति श्री राधेश्याम रावल, अशासकीय सदस्य श्री नागुसिंह चौहान तथा श्री प्रदीप कोठारी आदि उपस्थित थे।