
रतलाम 27 मई 2025। एमएसएमई योजना अंतर्गत उद्योगों के संवर्धन हेतु परामर्श एवं सुझाव के लिए कलेक्टर श्री राजेश बाथम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई।
बैठक में महाप्रबंधक उद्योग श्री अमरसिंह मोरे सहित बोर्ड समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में मध्यप्रदेश एमएसएमई विकास नीति/योजना का क्रियान्वयन एवं जिला स्तर पर उद्योगों में आने वाली कठिनाईयों के निराकरण के संबंध में चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में महाप्रबंधक उद्योग श्री मोरे ने नीति/योजनाओं की पावर पाईंट के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। मध्यप्रदेश एमएसएमई योजना अंतर्गत औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नीति 2025 की विस्तृत जानकारी दी गई। उद्योगपतियों द्वारा बैंक एवं विद्युत संबंधी समस्याओं से अवगत कराया गया। समस्याओ के निराकरण के लिए कलेक्टर श्री बाथम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।