

रतलाम 5 जून । महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी समाज द्वारा निकाली गई विशाल शोभा यात्रा के मार्गो पर स्वागत एवं जलपान हेतु लगाये गये पेयजल, छांछ, कुल्फी इत्यादि से निकलने वाले कचरे को सड़क पर ना डालते हुए समाज अध्यक्ष शैलेंद्र डागा के निर्देशन में गोविंद काकानी, पवन सोमानी, विजय माहेश्वरी सहित समाज जनों द्वारा नगर निगम के ई-रिक्शा कचरा संग्रहण वाहन में डालकर अन्य समाजजनों को नगर में स्वच्छता बनाये रखने का संदेश दिया ।
पूर्व स्वास्थ्य समिति प्रभारी गोविन्द काकानी ने बताया कि महापौर प्रहलाद पटेल की मंशानुरूप व पूर्व महापौर एवं माहेश्वरी समाज अध्यक्ष शैलेन्द्र डागा, समाज पदाधिकारियों के निर्देशानुसार समाज के सेवाभावी सदस्यों के साथ मिलकर चल समारोह के स्वागत मार्गो पर स्वागत एवं जलपान हेतु लगाये गये स्टॉल से निकलने वाली पानी की बॉटल, कुल्फी व छांछ के पैकेट आदि को सड़क पर ना डालते हुए एकत्रित कर नगर निगम की ई-रिक्शा कचरा संग्रहण वाहन में डालने का यह सफल प्रयास गत चार-पांच वर्ष से शुरू किया गया है |
पूर्व महापौर परिषद सदस्य पवन सोमानी ने इस अवसर पर कहा कि यह शहर हमारा है इसे स्वच्छ रखना हम सभी का दायित्व है, अन्य समाजजन भी अपने चल समारोह, बारात इत्यादि में स्वागत एवं जलपान के स्टॉलो से निकलने वाले कचरे को सड़क पर ना डालते हुए उसे एकत्रित कर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें।
पूर्व महापौर एवं समाज अध्यक्ष शैलेंद्र डागा द्वारा पदाधिकारी एवं समाज के सभी परिवारों का स्वच्छता मिशन में सहयोग करने एवं समाज के भोज में झूठा ना छोड़ने एवं पानी बचाने का जो संकल्प लिया (लगभग 3000 लोगों की रसोई में मात्र एक थाली झूटन) उसे आज पूरा किया|