

रतलाम । सिविल हॉस्पिटल परिसर स्थित सती माता मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरु एवं भक्तों ने एकजुट होकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना की तथा प्रभु आरती का आयोजन किया।आरती का नेतृत्व रोगी कल्याण समिति के सदस्य समाजसेवी गोविंद काकानी एवं नेत्रदान प्रेरक हेमन्त मूणत के मुख्य आतिथ्य में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागी बने।
महंत मनोहर दास बैरागी जी के सान्निध्य में गुरुपूजन एवं चरण पादुका पूजन सम्पन्न हुआ। भक्तों ने गहन श्रद्धा और भक्ति भाव से भाग लेते हुए गुरु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गुरु, जिन्हें ज्ञान, शक्ति और साधना का प्रेरणास्रोत माना जाता है, उनके दिव्य सान्निध्य से जीवन आलोकित होता है और आत्मा का परमात्मा से संबंध स्थापित होता है। श्रद्धालुओं ने “परमात्मा के दर्शन गुरु के माध्यम से होते हैं” – इस शाश्वत सत्य को स्मरण करते हुए गुरु की महिमा का गुणगान किया।
पूरे वातावरण में भक्ति, भाव और समर्पण का माहौल व्याप्त रहा। भजनों, स्तुतियों और प्रवचनों से श्रद्धा से सराबोर वातावरण भावविभोर हो उठा। महाआरती में सभी भक्तों ने पूर्ण समर्पण भाव से भाग लेकर गुरुचरणों में अपनी आस्था अर्पित की। इसके पश्चात भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर आत्मिक शांति और संतोष की अनुभूति प्राप्त की। यह गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धालुओं को यह अनुभूति करा गया कि गुरु ही वह माध्यम हैं, जिनके द्वारा परमात्मा की साक्षात अनुभूति संभव है। भक्ति, सेवा और आत्मिक जागृति से ओतप्रोत यह आयोजन एक दिव्य आध्यात्मिक पर्व के रूप में पूर्ण हुआ इस अवसर पर नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें विशेष रूप से: हेमन्त मूणत, गोविन्द काकानी, महेन्द्र मांदलिया, आशीष संघवी, लखनदास वैष्णव, अनिलदास वैष्णव, चेतन व्यास, धर्मेन्द्र व्यास, पप्पू शर्मा, सुरेन्द्र चौहान, शिवनारायण परमार,रीतिक भाई, गुड्डू भैय्या,मीना शुक्ला,निकुंज भाई पूर्व पार्षद सुनीता तिवारी, रीना पारख, मीना बहन, पदमनी बहन सहित अनेक श्रद्धालु एवं सेवाभावीजन सम्मिलित रहे।