माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान : जिला स्तरीय युवा उन्नयन कार्यशाला में युवाओं को मिला मिट्टी गणेश निर्माण का प्रशिक्षण

रतलाम। म.प्र. जन अभियान परिषद, जिला रतलाम के तत्वावधान में माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के तहत गायत्री परिवार द्वारा जिला स्तरीय युवा उन्नयन कार्यशाला का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ, डोंगराधाम कॉलोनी (शंकरगढ़) रतलाम में किया गया। इस अवसर पर युवा समाजसेवी एवं मिट्टी गणेश प्रशिक्षक श्री योगेश जाट द्वारा युवाओं को पारंपरिक और पर्यावरण हितैषी तरीके से मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय, आनंद विभाग की जिला समन्वयक श्रीमती सीमा अग्निहोत्री, सेवावीर परिवार से श्री प्रहलाद मोरवाल व श्री शुभम शर्मा सृष्टि समाज सेवा समिति से श्री सतीश टांक, आनंद विभाग से श्रीमती पुष्पेंद्र सिंह सिसौदिया, गायत्री परिवार से पं. पातीराम शर्मा एवं श्री दामोदरप्रसाद शर्मा, प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ से श्री विवेकानंद चौधरी, शांतिकुंज प्रतिनिधित्व से श्री राहुल सतुना, श्री अर्जुनसिंह चौहान, श्रीमती मंजुला पालीवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सेवावीर परिवार के श्री प्रहलाद मोरवाल ने ‘हर घर मिट्टी के गणेश’ अभियान की जानकारी देते हुए सभी से अपने घरों में मिट्टी से बने गणेश की स्थापना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिट्टी गणेश का उपयोग करने से पर्यावरण की रक्षा होगी और जल स्रोतों की पवित्रता बनी रहेगी।
जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से लोगों को पवित्र मिट्टी और गौमाता के गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाओं के उपयोग हेतु प्रेरित किया जा रहा है, जिससे नदियों और जल स्रोतों की स्वच्छता बनी रहे तथा प्राकृतिक संतुलन अक्षुण्ण रह सके।
प्रशिक्षक श्री योगेश जाट ने कार्यशाला में मिट्टी का उचित मिश्रण तैयार करने, संरचना निर्माण की विधि एवं गणेश प्रतिमा को आकार देने तक की सम्पूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। इस आयोजन से युवाओं में माटी गणेश निर्माण की कला के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं ‘हर घर मिट्टी गणेश’ की प्रेरणा भी जागृत हुई।