गुरू के आशीर्वाद के बिना रहता जीवन अधूरा, गुरूणी मैया ने ही संवारा जीवन हमारा
महासाध्वी कुमुदलताजी म.सा. के सानिध्य में लोकाशाह जयंति पर चातुर्मासिक विदाई समारोह कल

भीलवाड़ा,4 नवम्बर। सुनाना आसान लेकिन सुनना कठिन होता है। सुनने की यह भावना आपने दिखाई। भीलवाड़ावासियों की भक्ति भावना सराहनीय है। हमारी उम्मीदों से भी बहुत अच्छा ये चातुर्मास सम्पन्न होने जा रहा है। अनुष्ठान आराधना हो या पद्मावती एकासन आराधना हर कार्यक्रम में यहां के श्रावक श्राविकाओं ने जो भक्ति भावना दिखाई ओर सफल बनाया वह सदा स्मृति में रहेगा। सभी के सहयोग एवं सहभागिता से ही यह चातुर्मास एतिहासिक सफल बना है। ये विचार श्रमण संघीय जैन दिवाकरीय मालव सिंहनी पूज्या श्री कमलावतीजी म.सा. की सुशिष्या अनुष्ठान आराधिका ज्योतिष चन्द्रिका महासाध्वी डॉ. कुमुदलताजी म.सा. ने आध्यात्मिक चातुर्मास आयोजन समिति द्वारा सुभाषनगर श्रीसंघ के तत्वावधान में दिवाकर कमला दरबार में मंगलवार को चातुर्मासिक प्रवचन में व्यक्त किए। उन्हांेंने जगत वल्लभ प्रसिद्ध वक्ता जैन दिवाकर श्रीचौथमल जी म.सा. की जन्म जयंति के साप्ताहिक आयोजनों एवं गुरूणी मैया मालव सिंहनी पूज्य कमलाप्रभाजी म.सा. की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में गुरू गुणगान करते हुए कहा कि गुरूदेव जैन दिवाकर जैसे संत विरले होते है। उन्होंने किसी तरह का भेद नहीं रखते हुए जो भी उनके सानिध्य में आया सभी को जीवन जीने की कला सिखाई। उन्होंने गुरूणी मैया कमलावतीजी म.सा. का स्मरण करते हुए कहा कि उनके ऋण से हम कभी मुक्त नहीं हो सकते ओर सदा उनकी स्मृतियां जिंदा रहेगी। जिंदगी में जो खुशी देते है वहीं गम देकर चले जाते है। गुरूणी मैया ने ही हमारा जीवन संवारा ओर उनके दिए ज्ञान ओर आशीष से ही हम कुछ बोल पा रहे है। उनका आशीर्वाद सदा बना रहे ताकि जिनशासन की सेवा सदा करते रहे। धर्मसभा में स्वरसाम्राज्ञी महाप्रज्ञाजी म.सा. ने भजनों के माध्यम से गुरू सेवा एवं भक्ति का संदेश प्रदान किया। वास्तुशिल्पी पद्मकीर्तिजी म.सा. एवं विद्याभिलाषी राजकीर्तिजी म.सा. का भी सानिध्य प्राप्त हुआ। महासाध्वी कुमुदलताजी म.सा. आदि ठाणा के सानिध्य में बुधवार सुबह 8.30 बजे से लोकाशाह जयंति पर चातुर्मासिक विदाई समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रावक श्राविकाएं एतिहासिक चातुर्मास सम्पन्न करने जा रहे साध्वी मण्डल के प्रति भाव अभिव्यक्ति भी करेंगे। धर्मसभा में जन्मदिन पर साध्वी मण्डल का आशीर्वाद लेने पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा का भी चातुर्मास समिति द्वारा स्वागत किया गया। साध्वी कुमुदलताजी म.सा. ने उनके प्रति मंगलभावनाएं व्यक्त करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। मेवाड़ा के साथ पधारे भाजपा जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी, अविनाश जीनगर, प्रदीप रांका आदि का भी स्वागत किया गया। धर्मसभा में शांत क्रांति संघ के संरक्षक चैन्नई के जवरीलाल जैन, चैन्नई के महेन्द्र जैन, गौतम मुथा, बेंगलूरू के जितेन्द्र बिलवाड़िया आदि अतिथियों का स्वागत आध्यात्मिक चातुर्मास आयोजन समिति के अध्यक्ष दौलतमल भड़कत्या, सचिव राजेन्द्र सुराना, सुभाषनगर श्रीसंघ के अध्यक्ष हेमन्त कोठारी,उपाध्यक्ष अनिलकुमार कोठारी, मदनलाल सिपानी, ओम सिसोदिया, महावीर कोठारी आदि ने किया। संचालन चातुर्मास समिति के सचिव राजेन्द्र सुराना ने किया।