

रतलाम। कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में देवी अहिल्या चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई द्वारा आयोजित वामा रत्न अवार्ड सीजन-2 के आयोजन में कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने की, वहीं दिल्ली सांसद बांसुरी स्वराज विशिष्ट अतिथि और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर अंजना तिवारी मुख्य अतिथि रहीं। प्रतिष्ठि समारोह में रतलाम की बेटी वर्तमान में मोहाली पंजाब से आमंत्रित आल इंडिया फाउडेशन की चेयरमेन रुचिका शर्मा व्यास समाजसेविका को उनके द्वारा समाजसेवा के उत्कृष्ट कार्यो के लिए कम्युनिटि सर्विस अवार्ड वामा रत्न अवार्ड से सम्मानित करते हुए पुरस्कृत किया गया।
ट्रस्ट की महामंत्री संगीता शर्मा ने बताया कि देशभर से आई 21 महिलाओं को उनके-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए वामा रत्न 2025 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतभर से 150 से अधिक प्रबुद्ध नारी शक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति नई ऊर्जा और परिवार की एकता की प्रतीक है। शिक्षित नारी ही शिक्षित समाज का निर्माण कर सकती है। उन्होंने समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर भी चिंता जताई।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में संगठन की भावना को मजबूत करते हैं और महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। वहीं ए.एस.पी. अंजना तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं। आका ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा सतीश पंचारिया (मुंबई) ने बताया कि देवी अहिल्या चैरिटेबल ट्रस्ट 2018 से सक्रिय है और शिक्षा, संस्कार व रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने घोषणा की कि अगला वामा रत्न सीजन-3 वर्ष 2026 में जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में दीपाली जोशी (दिल्ली) ने गणपति वंदना नृत्य प्रस्तुत किया, गायिका कविता तिवारी और गुंजन शर्मा ने सुरों से समां बांधा, जबकि पूनम व्यास और अद्धिका व्यास ने कविता और नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम को आनंदमय बनाया।
इस अवसर पर उद्योगपति अरुण जोशी, अनिल जोशी, सागरमल शर्मा, वीरेंद्र व्यास, राजेश तिवारी, ओपी शर्मा, राम शर्मा, घनश्याम जोशी सहित देशभर से अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।