
रतलाम । अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद की शाखा तेरापंथ युवक परिषद, रतलाम के सहयोग से श्री विकास कास्टिया का मरणोपरांत उनके पारिवारिक जनों की सहमति से मेडिकल कॉलेज, रतलाम के माध्यम से हुआ नेत्रदान।
तेरापंथ युवक परिषद रतलाम के अध्यक्ष मयूर गाँधी ने श्री विकास कास्टिया के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए परिवारजन के प्रति संवेदना के भाव व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पारिवारिक जनों ने नेत्रदान जैसे नेक कार्य में सहयोग प्रदान कर मानवीय सेवा का महनीय कार्य किया है।
अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने बताया कि अभातेयुप द्वारा नेत्रदान के क्षेत्र में पूरे भारत और नेपाल में अपनी 360+ शाखा परिषदों के सहयोग से अब तक 2500 से भी ज्यादा लोगों का मृत्युपरांत नेत्रदान करवाया जा चुका है। विदित हो एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो अंधकारमय जीवन रोशन होते हैं।
अभातेयुप के राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी ने इस अभियान में शाखा परिषद् की जागरूकता व नेत्रदाता के परिवारजन की उत्कृष्ट भावना के प्रति साधुवाद प्रकट किया और लोगों को अभातेयुप के इस अभियान में सहयोग का आह्वान किया।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के नेत्रदान प्रदेश प्रभारी पियूष दख ने नेत्रदान से जुड़ी कई भ्रांतियां का समाधान करते हुए बताया कि नेत्रदान में व्यक्ति की आंखें नहीं बल्कि उसके अन्दर की हल्की सी परत निकाली जाती है, जो किसी भी प्रकार से शारिरिक ढांचे को प्रभावित नही करती है। मरणोपरांत परिवारजनों की सहमति से नेत्रदान किसी भी उम्र के व्यक्ति का हो सकता है। मृत्युपरांत छह घंटे के भीतर आई बैंक की मदद से यह कार्य संपादित करवाना होता है। नेत्रदान हेतु 9893029090 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।