नगर में अतिक्रमण मुहिम चलाने पर महापौर प्रहलाद पटेल का समिति ने किया स्वागत

रतलाम 15 दिसम्बर । नगर निगम यातायात एवं परिवहन सलाहकार समिति की बैठक महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता व समिति प्रभारी श्रीमती सपना त्रिपाठी की उपस्थिति में संपन्न हुई।
नगर के व्यावसायिक क्षेत्र व प्रमुख मार्गो पर आये दिन लगने वाले जाम की समस्या के निदान, आवागमन तथा यातायात व्यवस्था दृष्टिगत व नगर को सुन्दर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण मुहिम की समिति सदस्यों ने प्रशंसा करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल का स्वागत कर अतिक्रमण मुहिम निरंतर जारी रखने की अपील की।
आयोजित बैठक में समिति द्वारा अनुशंसा की गई कि प्रत्येक वार्ड में किये गये विकास कार्य का शिलालेख लगाया जाकर इस कार्य के लिए निविदा आमंत्रित की जाये। इसके अलावा सूरत की तर्ज पर यातायात को सुगम बनाये जाने हेतु एक मॉनिटरिंग हॉल का निर्माण कराये जाने की अनुषंसा समिति द्वारा की गई ताकि एक ही जगह बैठक पुरे शहर के यातायात पर निगरानी रखी जा सकें, इस कार्य हेतु मिनी स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत शासन से 25 करोड़ राशि की मांग की जाये।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज से सैलाना बस स्टैंड होते हुए शहर के मध्य शहर सराय तक सिटी बस शीघ्र चलाये जाने की अनुशंसा समिति द्वारा की गई। बैठक में चर्चा की गई कि हजीरा पुलिया निर्माण का कार्य प्रगति पर है, प्रत्येक शनिवार को श्रद्धालु शनि मंदिर दर्शन करने जाते है किन्तु पुलिया के दोनो ओर पुलिस के जवान नहीं रहते जिससे नागरिकों को परेशानी होती है इस हेतु पुलिस जवान की ड्यूटी लगाये जाने हेतु पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा जाये।
आयोजित बैठक में समिति प्रभारी श्रीमती सपना त्रिपाठी, समिति सदस्य योगेश पापटवाल, श्रीमती देवश्री पुरोहत, श्रीमती आयुषी सांकला, श्रीमती प्रीति कसेरा, श्रीमती माया पांचाल, श्रीमती केसरबाई, श्री वाहिद शेरानी समिति सचिव कैलाश गेहलोत आदि उपस्थित थे।