उज्जैन । उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव की अध्यक्षता में बुधवार 10 मार्च को बृहस्पति भवन में विक्रमोत्सव कार्यक्रम के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अवगत कराया गया कि विक्रमोत्सव 7 अप्रैल से 16 अप्रैल तक 10 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि उक्त 10 दिवसीय विक्रमोत्सव कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिये सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करें।
दस दिवसीय विक्रमोत्सव कार्यक्रम के लिये नगर निगम, विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, पुलिस एवं जिला प्रशासन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गये हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये गये हैं कि रामघाट से नृसिंह घाट, दत्त अखाड़ा, राणौजी की छत्री की साफ-सफाई, विद्युत साज-सज्जा, पेयजल, शिप्रा नदी के घाट पर विद्युत व्यवस्था एवं मन्दिरों की पुताई कराने के निर्देश दिये गये। इसी तरह मंच निर्माण के लिये यूडीए और पीडब्लयूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिया है कि समारोह स्थलों पर चिकित्सा सुविधा, कार्यक्रम के उद्घाटन स्थल दत्त अखाड़ा एवं रामघाट क्षेत्र में टीफा मशीन चलवाना, टॉवर चौक पर 13 मार्च को डीडीटी पावडर एवं टीफा मशीन चलवाना, विद्युत विभाग के अधिकारी को 12 अप्रैल के कार्यक्रम हेतु शिप्रा तट पर जनरेटर एवं विद्युत संयोजन की व्यवस्था, इसी तरह तरह पुलिस विभाग को भी कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस एवं यातायात व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। इसी तरह बैठक में जिला प्रशासन को भी विभिन्न दायित्वों का निर्वहन हेतु कहा गया है। बैठक में महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्री राम तिवारी ने 10 दिवसीय विक्रमोत्सव कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
10 दिवसीय कार्यक्रम 7 अप्रैल से प्रारम्भ
बैठक में अवगत कराया गया कि 7 अप्रैल को ध्रुपद गायन, भारत भारती नाट्य प्रस्तुति, 8 अप्रैल को सिंहासन बत्तीसी, 9 अप्रैल को नाटक एवं गाथा विक्रमादित्य की, 10 अप्रैल को शास्त्रीय गायन एवं महाराजा विक्रमादित्य, 11 अप्रैल को नैपथ्य राग, 12 अप्रैल को वेद अंताक्षरी एवं मुख्य सांस्कृतिक समारोह शिप्रा तट रामघाट पर होगा। 13 अप्रैल को टॉवर चौक पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, 14 एवं 16 अप्रैल को महानाट्य सम्राट विक्रमादित्य पर होगा। 7 अप्रैल से 16 अप्रैल तक विक्रमकालीन पुरातात्विक मुद्रा एवं मुद्रांक, श्री गणेश चित्र प्रदर्शनी प्रात: 10.30 से रात्रि 8 बजे तक रहेगी। प्रदर्शनी कालिदास अकादमी में लगाई जायेगी। 7 अप्रैल को कलश यात्रा शाम 5 बजे से निकाली जायेगी। प्रदर्शनी का शुभारम्भ शाम 5.30 बजे कालिदास अकादमी में होगा।