हनुमान भक्ति, संत समागम और समरसता के भाव के साथ मनाई गई मकर संक्रांति

रतलाम। सेवावीर परिवार द्वारा प्रति मंगलवार आयोजित किए जा रहे हनुमान चालीसा पाठ की श्रृंखला के अंतर्गत 228वाँ हनुमान चालीसा पाठ हाट की चौकी, भाम्भी मोहल्ला स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रति वर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी मकर संक्रांति पर्व आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। स्वजनों एवं संतों की उपस्थिति में भारत माता का पूजन एवं आरती की गई, तत्पश्चात सभी श्रद्धालुओं को तिल-गुड़ का वितरण कर मकर संक्रांति की शुभकामनाएँ दी गईं।
मकर संक्रांति उत्सव को विशेष भव्यता प्रदान करने हेतु अनेक संत महापुरुषों का पावन आगमन हुआ। इस अवसर पर अखंड ज्ञान आश्रम के स्वामी देवस्वरूपानंद जी महाराज, अड़वानिया से स्वामी आनंदगिरि जी महाराज, नरसिंहगढ़ से स्वामी नरेंद्रगिरि जी महाराज, स्वामी सेवानंद जी महाराज उज्जैन एवं महर्षि संजय दवे जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी संतों के आशीर्वचनों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर संत आनंदगिरि जी महाराज के सानिध्य में 19 जनवरी से रतलाम नगर में प्रारंभ होने वाले 51 कुंडीय शिवशक्ति यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का समस्त समाजजन से आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में सेवावीर परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने समाज में धर्म, संस्कृति, सेवा और समरसता के भाव को और अधिक सशक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *