अंधत्व निवारण रैली का शुभारंभ, लायंस क्लब जावरा की सराहनीय पहल

जावरा (अभय सुराणा)। नेत्र ज्योति के लिए नेत्र चिकित्सालय आवश्यक है, वैसे ही आत्मा की ज्योति के लिए व्यास गादी आवश्यक है” — यह प्रेरणादायी संदेश क्षेत्र के सुप्रसिद्ध कथावाचक पूज्य गुरुदेव पं. भीमाशंकर जी शास्त्री (धारियाखेड़ी) ने दिया।
वे लायंस इंटरनेशनल ‘साइट फर्स्ट’ अंधत्व निवारण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशाल अंधत्व निवारण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस रैली का आयोजन लायंस क्लब जावरा एवं लायंस नेत्र चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।रैली के शुभारंभ अवसर पर पूज्य गुरुदेव भीमाशंकर जी शास्त्री, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग एवं समाजसेवी व पूर्वाध्यक्ष डॉ. एच.एस. राठौर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था की ओर से गुरुदेव का शाल, श्रीफल एवं रुद्राक्ष माला भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। साथ ही सभी अतिथियों का शाल एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।
अपने उद्बोधन में पं. शास्त्री ने कहा कि जिस प्रकार नेत्र चिकित्सालय आंखों को रोशनी प्रदान करता है, उसी प्रकार व्यास गादी आत्मा को शुद्ध कर मोक्ष मार्ग की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने लायंस नेत्र चिकित्सालय द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को अत्यंत पुण्यकारी बताते हुए रैली में उपस्थित लायन सदस्यों, चिकित्सालय कर्मचारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बहनों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब जावरा के ऊर्जावान अध्यक्ष एमजेएफ लायन यश जैन, अधिवक्ता ने कहा कि लायंस क्लब का मुख्य उद्देश्य मानव सेवा है, जिसमें अंधत्व निवारण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि विगत छह माह में लगभग 48,000 नेत्र रोगियों की जांच की जा चुकी है तथा करीब 4,000 मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस जन-जागरूकता रैली का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसे नेत्र सुरक्षा एवं नेत्र ज्योति प्रदान करना है। रैली को प्रभावी बनाने हेतु प्रतिभागियों के हाथों में अंधत्व जागरूकता एवं बचाव संबंधी प्रेरणादायी स्लोगन की तख्तियां थीं। साथ ही रैली के दौरान घर-घर जाकर ग्लूकोमा, मोतियाबिंद से बचाव तथा भविष्य में नेत्र सुरक्षा संबंधी जानकारी देने हेतु जागरूकता पेम्पलेट भी वितरित किए गए, जिससे आमजन को समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम की सफलता पर कोषाध्यक्ष लायन राकेश पी. कोचट्टा ने सभी वरिष्ठ पूर्वाध्यक्षों, सदस्यों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, चिकित्सालय कर्मचारियों तथा विशेष रूप से पूज्य गुरुदेव पं. भीमाशंकर जी शास्त्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
रैली में प्रमुख रूप से पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजेंद्र गर्ग, रीजन चेयरमैन संतोष मेडतवाल,पूर्व रीजन चेयरमैन अरुण संघवी, विजय पामेचा, राकेश एम. कोचट्टा, रमेश मेहता, सुजानमल कोचट्टा, गोपाल सेठिया, अशोक सेठिया, अनिल काला, नरेंद्र संघवी, अर्पित चत्तर, कमल सारडा, मुकेश अरोड़ा, शरद डुंगरवाल, विमल सिसोदिया, सुनील राठौड़, संजय चपडोद, विजय राठौर, राकेश जैन (नामलीवाले), मुस्तफा सैफ, लक्की सोनी, अजय चौरसिया, अनूप शर्मा, राहुल चपरोद, नीरज मेहता, सुभाष डूंगरवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
साथ ही समाज से जुड़े प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता नगरपालिका उपाध्यक्ष सुशील कोचट्टा, मनोज मेहता, नितेश धनोतिया, दीपक साधु, संतोष राठौर, प्रवीण व्यास, सुदीप भारतीय सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बहनें, लायन सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *