उपभोक्ता ठगी से बचने के लिये पक्का बिल मांगने में कदापि संकोच न करे-डॉ. आरएन शुक्ला

बड़वानी । उपभोक्ता हर प्रतिष्ठान का सबसे बड़ा मेहमान होता है। दुकानदार एवं उपभोक्ता के मध्य विश्वास का संबंध होता है। उपभोक्ता अपनी खरीदी हुई वस्तु का पक्का बिल अवश्य प्राप्त करे। उपभोक्ताओ के पास समुचित जानकारी होने के बाद भी वे संकोच वश दुकानदार से खरीदी गई वस्तुओ का पक्का बिल नही लेते। जिसके कारण कई बार ठगी होने के बाद भी वे न्याय प्राप्त नही कर पाते।
शहीद भीमा नायक महाविद्यालय बड़वानी के प्राचार्य डॉ. आरएन शुक्ला ने उक्त बाते विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित उपभोक्ताओ को संबोधित करते हुए कही। सोमवार को नगर अर्जुन पैलेस बड़वानी में आयोजित इस कार्यक्रम में एडव्होकेट एवं पूर्व सदस्य उपभोक्ता फोरम सुश्री अंजना जैन ने बताया कि किस प्रकार पक्का बिल होने पर उपभोक्ता अपने साथ हुई ठगी के लिए उपभोक्ता फोरम में वाद दायर कर क्षतिपूर्ति एवं न्याय प्राप्त कर सकता है। उपभोक्ताओ को खरीदी गई वस्तुए या प्राप्त की गई सेवाओ में कमी पाये जाने पर किस प्रकार जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित उपभोक्ता फोरम में प्रकरण दर्ज करवाकर न्याय व हर्जाना प्राप्त किया जा सकता है इसके बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्होने उपभोक्ताओ को ऑनलाईन खरीदी के दौरान बरती जाने वाली सावधानी के बारे में भी विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान नाप तौल विभाग के निरीक्षक श्री कैलाश मुकाती ने इलेक्ट्रानिक तोल कांटे, परम्परागत बांटो के सत्यापन हेतु विभाग द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के बारे में, इन तोलो का सत्यापन किस प्रकार किया जा सकता है, इसके बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्री खन्ना ने बताया कि किसान भाई कोई भी वस्तु खरीदने से पहले उसका पक्का बिल प्राप्त करे। साथ ही यह भी ध्यान रखे कि जिस व्यक्ति के नाम से जमीन की पावती है, उसी व्यक्ति के नाम से खरीदी गई वस्तु का बिल बनवाये। जिससे खाद-बीज-उर्वरक में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी होने पर किसान उसकी क्षतिपूर्ति प्राप्त कर सके।
कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ता हितैषी मंच के अध्यक्ष श्री गुलाबचन्द्र गुप्ता ने भी खरीदी के दौरान की जाने वाली चोरी का उल्लेख करते हुये नाप-तोल विभाग के पदाधिकारियो से अनुरोध किया कि वे सब्जी मण्डी एवं हाट-बाजारो में नाप तोल यंत्रो के निरीक्षण का अभियान नियमित रूप से चलाये जिससे छोटे-छोटे उपभोक्ता होने वाली ठगी से बच सके ।
कार्यक्रम स्थल पर उपभोक्ताओ को जानकारी देने हेतु प्रदर्शनी भी लगाई गई साथ ही पेम्पलेटो का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एनसी पैदाम, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री प्रेमलता भंवर सहित विभिन्न विभागो के पदाधिकारियो सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री संतोष दुबे ने किया।

Play sound