गो पूजन कन्या पूजन रक्तदान की शुरुआत से विशाल विराट हिंदू सम्मेलन संपन्न

जड़वासा मंडल का भव्य हिंदू सम्मेलन श्रद्धा, संस्कृति एवं सामाजिक समरसता के साथ सम्पन्न

रतलाम । जड़वासा मंडल में आयोजित हिंदू सम्मेलन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का शुभारंभ सर्वप्रथम गौमाता के पूजन से हुआ, जिसके पश्चात नौ कन्याओं का विधिवत पूजन कर सनातन परंपरा एवं नारी शक्ति का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की गईं, जिनमें भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। सम्मेलन में उपस्थित संत-महात्माओं एवं वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक संरक्षण, सामाजिक समरसता तथा युवा पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ने पर प्रेरक उद्बोधन दिए।
सम्मेलन की विशेषता “एक संगत, एक पंगत” की भावना रही, जिसके अंतर्गत सभी समाज बंधुओं ने बिना किसी भेदभाव के सहभोज किया। यह आयोजन सामाजिक एकता एवं समरसता का सशक्त प्रतीक बना।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं समाजसेवियों की सहभागिता रही। आयोजन के अंत में राष्ट्र, धर्म एवं समाज की उन्नति की कामना के साथ सम्मेलन का विधिवत समापन हुआ। इस सफल आयोजन में जड़वासा मंडल के समस्त कार्यकर्ताओं, आयोजकों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। यह जानकारी कार्यक्रम के संयोजक मोहनलाल पाटीदार मुरली वाला द्वारा दी गई।