कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर,ग्राम पंचायतों में किसानों को कृषि की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई

रतलाम 19 जनवरी। उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्रीमती नीलम सिंह चौहान ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 11 जनवरी से 11 फरवरी तक जिले मे कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। जिसमें कृषि एवं संबद्ध विषयों जैसे उद्यानिकी, पशुपालन, आत्मा, मत्स्य पालन आदि पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के मध्य सीधा संपर्क कायम कर नवीन एवं वैज्ञानिकी तकनीकी सुधार की जानकारी कृषकों को दी जा रही। विकासखण्ड आलोट के ग्राम पंचायत माउखेडी, दूधिया, गुलबालोद, बगुनिया, विकासखंड पिपलोदा के बरगढ, सोहनगढ, बडायला चौरासी, विकासखण्ड जावरा के गोंदीशंकर, गोंदीधर्मसी, मांडवी, विकासखण्ड सैलाना के सैरा, बेडदा, आंबापाडा, विकासखण्ड रतलाम के मुंदडी, पलास, लालगुवाडी तथा विकासखंड बाजना के संदला, केलकच्छ एवं झरनिया में कृषि रथ द्वारा भ्रमण कर जैविक खेती एवं प्राकृतिक कृषि क्षेत्रों का विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड एकीकृत पोषक तत्व, कीट एवं रोग प्रबंधन, कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उपाय, फसल विविधीकरण को बढावा देना, प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना, ई विकास प्रणाली अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था, पराली प्रबंधन के संबंध में जानकारी किसानो को दी गई।
20 जनवरी को विकासखण्ड आलोट के ग्राम पंचायत सेमलिया, बामनखेडी, पीपलखेडी, बरखेडा खुर्द, विकासखण्ड पिपलोदा के हरियाखेडा, बाराखैडा, अयाना विकासखण्ड जावरा के बडावादा, बडावदी, ललियाना, विकासखण्ड सैलाना के पाटडी, चंदेरा तथा विकासखण्ड बाजना के मानपुरा, झोली चंद्रगढ, रायपाडा में रथ भ्रमण करेगा। किसान भाई इन पंचायतों में सम्मिलित होकर उक्त योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते है।

Play sound