विधानसभा क्षेत्र जावरा में विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय के निरंतर प्रयास से विभिन्न क्षेत्रों में मिल रही सौगातें

रतलाम 20 जनवरी । विकास की राह पर आगे बढ़ते जावरा विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय के निरंतर प्रयास से विभिन्न क्षेत्रों में सौगातें मिल रही है। विधानसभा क्षेत्र में लगभग ढाई करोड़ रुपए की लागत से सांस्कृतिक शेड एवं स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति मिली है। कुछ समय पूर्व ही क्षेत्र में ग्रामीण विकास व शिक्षा के क्षेत्र में लगभग आठ करोड़ की स्वीकृतियां मिली थी। विधायक डॉ पांडेय द्वारा जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में सामुदायिक भवन एवं सांस्कृतिक शेड निर्माण की अनुशंसा की थी। इस हेतु विधायक डॉ पांडेय ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव व पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल से भेंट कर स्वीकृति के लिए आग्रह किया था। जिसके फलस्वरूप ये स्वीकृतियां मिली है। विधायक डॉ पांडेय द्वारा अनुशंसित लगभग एक करोड़ 31 लाख रु की लागत से 9 स्थानों पर सांस्कृतिक शेड की स्वीकृति मिली है। जिसमे विकासखण्ड जावरा के ग्राम मेहंदी, ग्राम पिपलियासीर, ग्राम मार्तंडगंज, ग्राम मोयाखेड़ा व ग्राम शक्करखेड़ी, विकासखण्ड पिपलौदा के ग्राम बडायला माताजी, ग्राम बोरखेड़ा, ग्राम रियावन में गोशाला एवं ग्राम सोहनगढ़ में नई आबादी में सांस्कृतिक शेड निर्माण की स्वीकृति मिली है। इसके पूर्व डॉ पांडेय की अनुशंसा पर लगभग आठ करोड़ रुपये की लागत से दो स्थानों पर अटल ग्राम पंचायत सुशासन भवन, तीन स्थानों पर पुलिया निर्माण एवं 21 स्थानों पर सामुदायिक भवनो की स्वीकृति मिली थी। विधायक डॉ पांडेय की अनुशंसा पर शैक्षणिक सुविधाओं में भी विस्तार हो रहा है। लगातार मांग व आवश्यकता को देखते हुए राज्य शासन ने जावरा विधानसभा के दो विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष व लेबोरेट्री स्वीकृत की है। लगभग एक करोड़ 19 लाख रुपए की लागत से हायर सेकेंडरी स्कूल पंचेवा एवं हाईस्कूल रोजाना में ये सौगात मिली है। कुछ समय पूर्व पांच स्कूलों में एक करोड़ रुपए से अधिक के कार्य स्वीकृत हुए थे। आमजन ने मुख्यमंत्री डॉ यादव, पंचायत मंत्री श्री पटेल व विधायक डॉ पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।