


जावरा (अभय सुराणा) । जावरा में विद्युत समस्याओं को लेकर बिजली उपभोक्ताओं का आक्रोश उस समय सड़कों पर आ गया, जब संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने विद्युत वितरण कंपनी के स्थानीय कार्यालय परिसर में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार जन संघर्ष समिति के असलम मेव के नेतृत्व में अपरान्ह करीब तीन बजे एक दर्जन से अधिक बिजली उपभोक्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत कंपनी कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने सहायक यंत्री संजय खरत से पूर्व में उठाई गई उपभोक्ता समस्याओं के निराकरण को लेकर जानकारी चाही।
उपभोक्ताओं का कहना था कि जिन उपभोक्ताओं को अत्यधिक राशि के बिजली बिल प्राप्त हुए थे, उन्हें तीन माह तक बिजली कनेक्शन नहीं काटने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन विभाग द्वारा एक माह के भीतर ही कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं में भारी असंतोष है।
प्रदर्शनकारियों ने वैध एवं अवैध कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन दिए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। समिति के अनुसार विभागीय अधिकारियों ने बताया कि एक मकान पर एक स्थायी बिजली कनेक्शन के लिए लगभग 45 हजार रुपए जमा करना अनिवार्य है, साथ ही 10 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि पृथक से देनी होगी। कॉलोनीवासी इस निर्णय पर सहमत भी हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद बिजली कंपनी द्वारा सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं से पल्ला झाड़ने पर उपभोक्ताओं का गुस्सा भड़क उठा।
अधिकारियों से बातचीत बेनतीजा रहने पर नाराज उपभोक्ताओं ने विरोध स्वरूप अपने बदन से आधे कपड़े उतारकर कार्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। बिजली विभाग में हो-हल्ला होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रदर्शन के दौरान भेरूलाल नेका, मदन माली, कमलेश वीर, इरफान खान, दानिश हुसैन, अली जमान सहित कई उपभोक्ता मौजूद रहे।
इनका कहना है
दो-तीन दिन पूर्व कुछ उपभोक्ता अवैध कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन संबंधी जानकारी लेने आए थे। शासन के नोटिफिकेशन के अनुसार क्षेत्रफल के आधार पर स्थायी कनेक्शन हेतु विद्युत अधोसंरचना शुल्क, कनेक्शन शुल्क एवं सप्लाई अफोर्डिंग चार्जेज की गणना कर राशि बता दी गई थी। इसी संबंध में आज जन संघर्ष समिति के सदस्यों को भी पूरी जानकारी दी गई है।”
— संजय खरत, सहायक यंत्री,
मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी, जावरा