- जागरूक मतदाता बने -पद्मश्री डॉ लीला जोशी
- 16 वे राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में किया गया





रतलाम 25 जनवरी। निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। निर्वाचन आयोग का ध्येय वाक्य“ वोट जैसा कुछ भी नहीं, वोट जरुर डालेंगे हम “, निर्धारित किया गया है। रतलाम जिले के आर्ट एंड साइंस कॉलेज में आज 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन करके किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉक्टर लीला जोशी ने कहा कि वोट लोकतंत्र की ताकत है, नए युवा जागरूक मतदाता बन कर देश के विकास मे अपनी भूमिका का निर्वहन करे , जागरूकता संबंधी गतिविधियों में निरंतर बनाए रखी जाना चाहिए। पूर्व की तुलना में वोट का प्रतिशत बढ़ा है, किंतु अभी और कार्य करने की आवश्यकता है, पहले की तुलना में वोटिंग करना आसान हुआ है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस ऐसा पर्व है जिसके माध्यम से देश की दशा और दिशा तय होती है। वोट के माध्यम से ही मतदाता देश की नीतियां तय करता है।
सरकारी नीतियों के प्रति सहमति और असहमति व्यक्त करने का सशक्त माध्यम वोट ही है। कलेक्टर ने कहा कि मतदान संबंधी जागरूकता गतिविधियों के लिए स्कूल और कॉलेज में यंग वोटर्स क्लब बनाए गए हैं। उन्होंने एस आई आर के कार्य में भूमिका निभाने के लिए एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव सहित जिले के निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी/कर्मचारियों सहित बी एल ओ की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने कहा कि मतदान अधिकार है और नागरिकों की शक्ति है, इसलिए मतदान अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम मे युवा मतदाता नारायण बैरागी और पार्थ गुप्ता को फॉर्म नंबर 6 अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन उद्बोधन दिया जिसे सभी के द्वारा देखा और सुना गया।
कार्यक्रम मे कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मिशा सिंह ने सभी को संकल्प कराया कि “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें। कार्यक्रम के दौरान एडीएम डॉक्टर शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, रतलाम शहर एसडीएम आर्ची हरित, एडिशनल एसपी श्री राकेश खाखा, कॉलेज के प्राचार्य डॉ वाय के मिश्रा, तहसीलदार श्री ऋषभ ठाकुर, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्रीमती संध्या शर्मा, स्कूल शिक्षा विभाग से श्री जितेंद्र जोशी, पी एच ई से श्री आनंद व्यास, तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ पदाधिकारी श्री शरद शुक्ला सहित बड़ी संख्या में आमजन विद्यार्थी एवं अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया तथा अंत में आभार तहसीलदार श्री ऋषभ ठाकुर ने माना।