
रतलाम। MPIDC औद्योगिक पार्क, रतलाम में उद्योगों के संचालन में आ रही विभिन्न अवसंरचनात्मक एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर दिनांक 28 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे मालवा ऑक्सीजन परिसर, रतलाम में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में MPIDC महाप्रबंधक श्री विनय तोमर जी, सहायक अभियंता श्री धर्मेंद्र डोडवे जी एवं जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक श्री अतुल बाजपेई जी उपस्थित रहे। वहीं लघु उद्योग भारती की ओर से श्री संजय व्यास जी (संयुक्त सचिव, मालवा प्रांत) एवं लघु उद्योग भारती, रतलाम इकाई से श्री अनिल सारडा जी (अध्यक्ष), श्री रोहित मालपानी जी (सचिव), श्री शैलेंद्र सुरेखा जी (कोषाध्यक्ष), श्री राजेश रांका जी एवं श्री अभिषेक मंत्री जी (कार्यकारिणी सदस्य) उपस्थित रहे एवं औद्योगिक पार्क के अनेक उद्योगपति बैठक में शामिल हुए।
बैठक में उद्योगपतियों द्वारा यह बताया गया कि औद्योगिक पार्क की समस्याओं के संबंध में पूर्व में बार बार MPIDC को सूचित किया जा चुका था, किंतु कोई ठोस कार्यवाही न होने के कारण यह बैठक आयोजित करनी पड़ी।
बैठक में प्रमुख रूप से सीवरेज लाइन के क्षतिग्रस्त होने, औद्योगिक पार्क के पहुंच मार्गों की जर्जर स्थिति, प्रस्तावित फायर स्टेशन की स्वीकृति, तथा नए उद्योगों को स्थाई बिजली कनेक्शन न मिल पाने जैसी गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
MPIDC महाप्रबंधक श्री विनय तोमर जी ने आश्वासन दिया कि
- सीवरेज लाइन के स्थायी समाधान हेतु शीघ्र सिविल कार्य का टेंडर जारी कर 6 माह के भीतर समस्या का समाधान किया जाएगा।
- औद्योगिक पार्क के खराब पहुंच मार्गों की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
- प्रस्तावित फायर स्टेशन के अनुमोदन एवं निर्माण कार्य के लिए शासन स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
- विद्युत वितरण कंपनी से समन्वय स्थापित कर स्थाई बिजली कनेक्शन की समस्या का शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि MPIDC का प्रतिनिधि प्रतिदिन 1 से 2 घंटे औद्योगिक पार्क में उपस्थित रहेगा, जिससे उद्योगों की नियमित समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने MPIDC अधिकारियों से शीघ्र एवं समयबद्ध कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की तथा उद्योगों के सुचारु संचालन हेतु सहयोग की मांग की।