भर्ती महिला को कमरे में बंद कर गहनों पर हाथ साफ, मचा हड़कंप

जावरा (अभय सुराणा) । रतलाम जिले के जावरा स्थित शासकीय अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां भर्ती एक महिला को अज्ञात व्यक्ति द्वारा कमरे में बंद कर उसके सोने-चांदी के गहने लूट लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोरदा निवासी मगन बाई माली को सांस लेने में तकलीफ होने पर शुक्रवार रात जावरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रात के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने महिला को अस्पताल की लैब की ओर स्थित एक कमरे में बंद कर दिया और उसके कानों की सोने की बालियां तथा पैरों की चांदी की पायल निकाल ली।
सुबह जब अस्पताल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खोला तो महिला अंदर बंद मिली। घटना की सूचना मिलते ही बोरदा गांव से ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और शनिवार सुबह अस्पताल इंचार्ज को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद अस्पताल प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया मौके पर पहुंचे और तत्काल सिटी थाना पुलिस को सूचना दी। साथ ही विभागीय स्तर पर भी जांच शुरू करवा दी गई है।
फिलहाल सिटी थाना पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और महिला से जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि सदमे में होने के कारण महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।
प्रारंभिक जांच में महिला की सोने की कान की बालियां उसके पर्स में ही मिल गई हैं, लेकिन पैरों से निकली चांदी की पायल अब तक बरामद नहीं हो सकी है। वहीं महिला को किसने और क्यों कमरे में बंद किया, इस बिंदु पर पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही