संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे बंशीलाल गुर्जर

किसान और ग्रामीण भारत की आवाज वैश्विक मंच तक पहुंचाने का मिलेगा अवसर

रतलाम भाजपा किसान मोर्चा में हर्ष, जिला अध्यक्ष रामसिंह सिसोदिया ने कहा-यह किसान हित के लिए गौरव का अवसर
रतलाम । राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र के कार्यक्रमों में भारतीय गैर-सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में वे शामिल होंगे। बंशीलाल गुर्जर के इस महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा किसान मोर्चा सहित जिले के कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।
विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारत सरकार के सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों को शामिल करते हुए गैर-सरकारी भारतीय प्रतिनिधिमंडल का गठन किया गया है। सांसद बंशीलाल गुर्जर इस प्रतिनिधिमंडल के प्रथम बैच में शामिल होकर संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित विभिन्न बैठकों एवं कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
इस दौरान वे विभिन्न बहुपक्षीय वैश्विक बैठकों में शामिल होंगे तथा अंतरराष्ट्रीय नीतियों और विकासशील देशों से जुड़े प्राथमिक विषयों पर भारत का दृष्टिकोण रखने का अवसर प्राप्त करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनका यह प्रतिनिधित्व विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि किसान, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों को वैश्विक मंच पर रखने का अवसर मिलेगा।
भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रामसिंह सिसोदिया ने कहा कि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर का संयुक्त राष्ट्र महासभा के वैश्विक मंच पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। यह किसान और ग्रामीण भारत की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। कृषि, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों को वैश्विक स्तर पर मजबूती से रखने से देश के किसानों की प्राथमिकताओं को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में बंशीलाल गुर्जर का यह प्रतिनिधित्व किसान हितों के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि भारत आज कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। ऐसे में वैश्विक मंच पर भारतीय किसानों की मेहनत, कृषि क्षेत्र की संभावनाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के महत्व को सामने रखने का अवसर महत्वपूर्ण है। रतलाम जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसान मोर्चा परिवार की ओर से बंशीलाल गुर्जर को इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए शुभकामनाएं दी गईं। उक्त जानकारी भाजपा किसान मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी राकेश पाँचाल द्वारा दी गई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *