मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ऑनलाइन माध्यम से पांच किसानों से करेंगे संवाद
रतलाम 5 अक्टूबर । आगामी 7 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी रतलाम के प्रांगण में बलराम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ऑनलाइन माध्यम से जिले के पांच किसानों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में जिलेभर से किसान शामिल होंगे। उक्त आयोजन के संबंध में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन ने साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में 7 अक्टूबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों से जिले में आने वाली सेवा संकल्प ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान टीएल प्रकरणों की एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की तथा निर्देशित किया कि कोई भी आवेदन निर्धारित समय-सीमा से बाहर लंबित नहीं रहे। अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।