विभिन्न योजनाओं की जानकारी के साथ साथ मिलेगा रोजगार
रतलाम 5 अक्टूबर । जिला रोजगार अधिकारी श्री अभिषेक कटारा ने बताया कि तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्रालय भोपाल एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भोपाल द्वारा युवा संगम जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन 7 अक्टूबर 2026 को शासकीय आई.टी.आई़ रतलाम, सैलाना रोड रतलाम में किया जाएगा। मेले में 08 से 10 निजी क्षेत्र की कम्पनियों द्वारा अप्रेंटिसशिप, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना अंतर्गत एवं अन्य रिक्त पदों पर भर्ती की जावेगी। इस युवा संगम मेले में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के बारे में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जायेगा।
युवा संगम रोजगार मेले में कम्पनियों द्वारा मशीन आपरेटर, टेनी, सेल्स एग्जीक्यूटिव, व्याख्यता, कम्प्यूटर ऑपरेटर, आदि पदों पर सीधी भर्ती की जावेगी। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष तक एवं शैक्षणिक योग्यता 8 वी उत्तीर्ण से स्नातक, आई.टी.आई एवं डिप्लोमा होना चाहिए।
युवा संगम रोजगार मेलें मे स्वराज लिमिटेड उज्जैन, नवशक्ति बायो केयर साइंस प्रा.लि. इन्दौर, यशस्वी स्कील लिमिटेड, डिस्टिल एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी प्रा.लि,. शिवराज इंटरप्राईजेस पीथमपुर, कवच ग्लोबल कनेक्ट प्रा.लि. अहमदाबाद, माही ग्रुप ऑफ एजुकेशन बॉसवाड़ा, न्यु जील फैशन वेयर बदनावर धार, अपोलो टायर्स लिमिटेड वडोदरा, एम.आर.एफ टायर्स प्रा.लि. दहेज गुजरात आदि कम्पनियां भाग लेंगी। इच्छुक आवेदक दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को समय प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय आई.टी.आई़, रतलाम सैलाना रोड रतलाम में शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, 2 पासपोर्ट साईज फोटो समग्र आई डी, आधार कार्ड की मूल व छायाप्रति एवं बॉयोडाटा के साथ उपस्थित हो सकते है।