सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने में हो रही देरी पर श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति ने उठाई आवाज़

जावरा (अनमोल सुराणा) । भारत सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ दिलाने हेतु बनाए जाने वाले सीनियर सिटीजन कार्ड के निर्माण में हो रही देरी को लेकर अब सामाजिक संगठनों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति, जावरा द्वारा जिला प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
समिति द्वारा दिनांक 3 फरवरी 2026 को कलेक्टर रतलाम के नाम आवेदन जावरा अनुविभागीय अधिकारी सुनील जायसवाल को प्रस्तुत किया गया, जिसमें सीनियर सिटीजन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को जल्द प्रारंभ करने का अनुरोध किया गया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भारत सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्ड बनकर दिया जाना आवश्यक है, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं व सुविधाओं का लाभ मिल सके।
कई वरिष्ठ नागरिक प्रतीक्षा में हैं।
समिति के सचिव राजकुमार हरण ने बताया कि वर्तमान में संस्था से जुड़े सदस्य सभी वरिष्ठ नागरिक हैं, जो लंबे समय से सीनियर सिटीजन कार्ड के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। समिति ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि यदि निर्देश दिए जाएँ, तो सभी सदस्यों के आधार कार्ड, फोटो एवं सदस्य सूची तत्काल उपलब्ध कराई जा सकती है।

राजस्व अधिकारियों से हो चुकी है चर्चा

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि दिनांक 19 जनवरी 2026 को वरिष्ठजनों के प्रतिनिधिमंडल समिति अध्यक्ष अभय सुराणा केनेतृत्व में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी जावरा से मुलाकात कर इस विषय पर सकारात्मक चर्चा की थी।आपका कहना है कि सीनियर सिटीजन कार्ड नहीं बनने के कारण सीनियर सिटीजन शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, स्वास्थ्य लाभ, यात्रा रियायत एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। यह स्थिति चिंता का विषय है।

प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग

समिति के अध्यक्ष अभय सुराणा ने जिला प्रशासन से अपेक्षा जताई है कि वह इस मामले में स्पष्ट निर्देश जारी कर शीघ्र कार्ड बनवाने की प्रक्रिया शुरू कराए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को उनका अधिकार समय पर मिल सके। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मांग पर कितनी गंभीरता से संज्ञान लेता है और कब तक वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिलती है। इस अवसर पर वरिष्ठ आनंदीलाल संघवी नेमीचंद जैन प्रकाशचंद संघवी अनिल धारीवाल शिखर चंद जैन अभय सुराणा राजकुमार हरण आदि सदस्यगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *