

जावरा (अभय सुराणा) । लायंस क्लब जावरा द्वारा सरहद पर देश की रक्षा में तैनात एवं सेवानिवृत्त सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्था द्वारा देशभक्ति पर आधारित फिल्म Border 2 का विशेष प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों एवं नागरिकों ने भावपूर्ण वातावरण में देखा।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था सदस्यों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान से की गई। इस अवसर पर सेवानिवृत्त सैनिक हवलदार खुशमान पाटीदार का वरिष्ठ सदस्यों द्वारा शाल एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया।
सम्मान स्वीकार करते हुए हवलदार पाटीदार ने संस्था का आभार व्यक्त किया तथा सीमा पर सेवा के दौरान के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रसेवा जीवन का सर्वोच्च कर्तव्य है। उनके अनुभवों से उपस्थितजनों में देशभक्ति एवं कर्तव्यबोध की भावना और अधिक प्रबल हुई। संस्था अध्यक्ष यश जैन एडवोकेट ने अपने उद्बोधन में कहा कि
“हमारे सैनिकों का साहस, अनुशासन और त्याग ही हमारे सुरक्षित भविष्य की नींव है। समाज का प्रत्येक नागरिक सैनिकों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को अपने आचरण में उतारे, यही इस आयोजन का उद्देश्य है।”
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक रूप देने हेतु मनोरंजन समिति के चेयरमैन लायन मुस्तफा सैफ एवं को-चेयरमैन लायन संजय गोधा का स्वागत कर उनके योगदान की सराहना की गई।
देशभक्ति से ओत-प्रोत इस आयोजन में संस्था के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित सदस्यों ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में राष्ट्रप्रेम, सैनिकों के प्रति सम्मान तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करते हैं।
अंत में संस्था के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, आयोजक समिति एवं सहयोगी सदस्यों को बधाई दी गई।