
कसरावद । महाशिवरात्रि का पर्व नगर सहित पूरे क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया।शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। वहीं नावडातोडी में इस अवसर पर मेला लगा।
भगवान शिव एवं माता पार्वती के विवाह का महोत्सव शिव रात्रि पर नर्मदा तट स्थित श्री शालीवाहन शिव मंदिर, माकड़खेड़ा स्थिति अति प्राचीन वेद वेदेश्वर महादेव मंदिर, नगर श्री गांगलेशवर महादेव मंदिर, काला डेरा स्थिति श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में आकर्षक साज सज्जा कर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही भगवान का विशेष पूजन एवं अभिषेक किया गया। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगने लगी जो दिन भर चलती रही। वहीं नर्मदा तट नावडातोडी में भी श्रद्धालु स्नान एवं पूजन के लिय पहुंचे। यहां पर शिवरात्रि पर एक दिवसीय मेले का आयोजन होता हैं। मेले में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। शालीवाहन में भक्तों के लिय साबूदाने की खिचड़ी की फरियाली का आयोजन किया गया। जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की।