गोद ग्राम बिबडोद में NSS स्वयंसेवकों ने निकाली जागरूकता रैली

रतलाम। स्वामी विवेकानंद शासकीय वाणिज्य महाविद्यालय, रतलाम की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा विशेष शिविर के अंतर्गत गोद ग्राम बिबडोद में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ राकेश माथुर , ग्राम पंचायत सरपंच श्री अम्बा रामजी मैडा और मुकेश जी सेन और कार्यक्रम अधिकारी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा किया गया।
रैली में NSS स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, शिक्षा का महत्व एवं स्वास्थ्य जागरूकता से संबंधित संदेश दिए। स्वयंसेवक हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर गांव की मुख्य गलियों से गुजरे तथा “स्वच्छ गांव – स्वस्थ गांव”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए।
ग्रामीणों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया तथा स्वयंसेवकों द्वारा दिए गए संदेशों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि NSS का उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना है। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महाविद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी प्रो हर्षवर्धन मेहसन, डॉ किशोर कुमार डावर र्डॉ संजीव वर्मा, डॉ रवि प्रकाश जोशी, डॉ निवृत्ति दुबे एवं महाविद्यालय स्टाफ आदि उपस्थित थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *