कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने पलसोड़ी डेम में दो बालकों के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की

प्रशासन को दिए तत्काल चार-चार लाख की सहायता स्वीकृत करने के निर्देश

रतलाम 18 फरवरी। ग्राम पलसोड़ी के जय श्रीराम डेम में डूबने से दो बालकों के असामायिक निधन की घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें।
इन शब्दों के साथ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने दोनों बालकों के परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जिला प्रशासन को दोनों बालकों के निधन पर चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए । ज्ञातव्य है कि विगत दिनों बाजना रोड़ स्थित पलसोड़ी के जय श्रीराम डेम में टाटा नगर निवासी ध्रुव बलसोरे पिता आनंद बलसोरे उम्र 14 वर्ष एवं श्रीनगर, रतलाम निवासी जय उर्फ आशुतोष मंडलोई पिता बसंतीलाल मंडलोई की दुखद मृत्यु हो गई है। मंत्री श्री काश्यप के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी रतलाम शहर सुश्री आर्ची हरित द्वारा दोनों मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मंत्री श्री काश्यप ने दोनों बालकों को श्रद्धांजलि देते हुए प्रशासन को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *