- प्रशासन गांव की ओर अभियान में प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे गांव में
- अनुश्रवण शिविर में ग्रामीणों से की चर्चा
- कलेक्टर ने स्कूल एवं ग्रामों में निर्माणाधीन कार्यो का किया निरीक्षण





रतलाम । भारत सरकार एवं राज्य सरकार की चिन्हित फ्लैगशिप योजनाओं में शत् प्रतिशत सेचुरेशन प्राप्त करने हेतु ‘‘प्रशासन गांव की ओर अभियान’’ के तहत आज शुक्रवार को सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने भोजाखेड़ी क्लस्टर अंतर्गत 20 ग्राम पंचायतों मे पहुँच कर आमजन की समस्याएं सुनी एवं समाधान योग्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। जिला स्तर एवं राज्य स्तर से समाधान योग्य समस्याओं को अनुश्रुवण पंजी मे दर्ज किया गया। क्लस्टर पंचायत मुख्यालय भोजाखेड़ी पर सभी पंचायतों के नोडल अधिकारियों की कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। भ्रमण के दौरान कलेक्टर के साथ सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एसडीएम आलोट रचना शर्मा, सीईओ जनपद आलोट पूजा गुप्ता सहित जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं मैदानी शासकीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया
प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने आलोट में अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण कर धर्मशाला निर्माण करवाने के निर्देश दिए। मंदिर जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत सभी निर्माण कार्यो की समन्वित फाईल बना कर सभी निर्माण एजेंसियों को समन्वय से काम करवाने के निर्देश दिए।
खामरिया गौशाला का निरीक्षण किया
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने खामरिया गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण में मेन रोड से गौशाला तक आने वाली रोड निर्माण के लिए जिन व्यक्तियों की जमीन आ रही है उन व्यक्तियों से दानपत्र भरवाने की कार्यवाही करने के लिए एसडीएम रचना शर्मा को निर्देश दिए। खामरिया गौशाला को क्षीर धारा योजना में जोड़ कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गौशाला मे गाय का पूजन कर गुड़ खिलाया।
ग्राम जोयन में प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया
कलेक्टर ने ग्राम जोयन में प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों एवं शिक्षकों से चर्चा कर शिक्षा की गुणवत्ता का परीक्षण किया। किचन शेड मे बन रहे मध्याह्न भोजन का अवलोकन किया। प्राथमिक विद्यालय की बालिकाओं के साथ जमीन पर बैठ कर कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एसडीएम आलोट रचना शर्मा, नायब तहसीलदार आलोट सविता राठौर, सीईओ जनपद आलोट पूजा गुप्ता ने मध्याह्न भोजन मे बच्चों के साथ भोजन कर बच्चों एवं रसोईयनो से चर्चा की। कलेक्टर के साथ भोजन करके बालिकाएं काफी उत्साहित हुई। बालिकाओं ने कलेक्टर के साथ फोटो भी खिंचवाई । कलेक्टर ने बच्चों को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। बी आर सी को सभी स्कूलों में टाइम टेबल लगवाने एवं स्कूलों के पेयजल की जांच संबंधित रिपोर्ट संस्था प्रमुखों के पास रखवाने के निर्देश दिए।
ग्राम जोयन में ग्रामीण जनो ने घरो के ऊपर से जा रही विद्युत लाईन शिफ्ट करवाने के लिए कलेक्टर को आवेदन दिया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को शिफ्टिंग की राशि जमा करवाने एवं एम पी ई बी के संबंधित अधिकारी को राशि प्राप्त होते ही कार्यवाही करने के निर्देश दिए।