

रतलाम, 22 फरवरी 2026। फागण सुदी पंचमी के पावन अवसर पर शिव शक्ति वासुकी धाम (स्नेह नगर, 80 फीट रोड) में रविवार को वासुकीनाथ बाबा का अलौकिक, दिव्य एवं आस्थामयी अभिषेक-हवन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम पंडित दीपक शर्मा के आचार्यत्व में विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान मोतीलाल पिरोदिया रहे। सह-लाभार्थी के रूप में भगवती शंकर रावल,हेमन्त मूणत, योगेन्द्र सिंह राठौड़, मदन मेहरा, अर्पित मेहरा, राजेश सुराणा ,अदित्य डागा, कन्हैया प्रजापत, कृष प्रजापति, ने हवन-पूजन का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
प्रातः 12 बजे बाबा वासुकीनाथ का अभिषेक दूध, दही, पंचगव्य एवं शुद्ध जल से किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य सम्पन्न हुए इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मान्यता है कि बाबा के चरणों में अर्पित जल की प्रत्येक बूंद जीवन के दुःख, रोग, भय एवं मानसिक अशांति को दूर कर श्रद्धालु के जीवन में शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक बल का संचार करती है।
स्नेह नगर विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती चेतना पाटीदार ने बताया कि वासुकीनाथ बाबा की असीम कृपा से प्रतिमाह उजियारी पंचमी एवं प्रत्येक रविवार को विशेष पूजन एवं अभिषेक आयोजित किए जाते हैं, जिनमें अनेक श्रद्धालु सहभागी होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करते हैं।
धार्मिक विश्वास के अनुसार अभिषेक से भूत-प्रेत बाधा, कालसर्प दोष, पितृ दोष, पारिवारिक तनाव, शारीरिक पीड़ा एवं मानसिक कष्टों का शमन होता है। श्रद्धालुओं ने सफेद पुष्प एवं नारियल अर्पित कर तीन परिक्रमा की तथा सूखा नारियल अपने ऊपर से तीन बार उतारकर हवन कुंड में समर्पित किया, जिसे नकारात्मक शक्तियों के शमन का प्रभावी माध्यम माना जाता है। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया। सम्पूर्ण आयोजन भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।