मूक पशुओं की सेवा में अग्रणी: श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति ने गौ माता को गो-ग्रास एवं गुड़ खिलाया

पूर्व अध्यक्ष बसंतीलाल चपड़ोद का सम्मान

जावरा(अनमोल सुराणा) । सेवा का क्षेत्र अत्यंत विस्तृत है और जब भी मनुष्य को अवसर मिले, उसे जीव दया के कार्यों में अवश्य आगे आना चाहिए। इससे न केवल पुण्य का उपार्जन होता है, बल्कि आत्मिक शांति और सुकून भी प्राप्त होता है। उक्त विचार श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति के पूर्व अध्यक्ष बसंतीलाल चपड़ोद ने समिति द्वारा आयोजित गो-ग्रास एवं गुड़ वितरण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।
समिति द्वारा नगर क्षेत्र में मूक पशुओं की निरंतर सेवा की जा रही है। इसी क्रम में गौ माता को गो-ग्रास एवं गुड़ खिलाकर जीव दया का संदेश दिया गया। बसंतीलाल चपड़ोद ने कहा कि संस्था सदैव सेवा कार्यों में अग्रणी रही है। हमारी संस्था के अध्यक्ष अभय सुराणा के नेतृत्व में सभी सदस्यों के सहयोग से जीव दया के क्षेत्र में अच्छा कार्य किया जा रहा है फिर चाहे सड़कों पर विचरण कर रही गायों के समूह की सेवा हो, शीत ऋतु में पशुओं को ठंड से बचाने के लिए कंबल वितरण करना हो, गौशालाओं में म्यूजिक सिस्टम उपलब्ध कराना हो अथवा अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति—समिति हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहती है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी सदस्य बसंतीलाल चपड़ोद का मोतियों की माला एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर पुखराज पटवा, सरदारमल चोरड़िया, राजकुमार हरण, शांतिलाल डांगी, अशोक लुक्कड़, प्रकाश श्रीश्रीमाल, राजेंद्र कोचर, श्रेणिक चौहान, अनिल धारीवाल, प्रकाश पामेचा, अनिल श्रीश्रीमाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति अध्यक्ष प्रदीप सेठिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था सचिव राजकुमार हरण ने व्यक्त किया।
कार्य समिति सदस्य अनिल धारीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति भविष्य में भी जीव दया और समाज सेवा के कार्यों को इसी उत्साह और समर्पण के साथ निरंतर जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *