

रतलाम । म.प्र. जन अभियान परिषद, जिला रतलाम द्वारा जिला पंचायत सभागृह रतलाम में स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं स्वावलंबन के आधार पर किए जा रहे सर्वांगीण ग्राम विकास कार्यों की समीक्षा हेतु नवांकुर स्वयंसेवी संस्थाओं की जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। बैठक में जिले के सभी विकासखंडों के समन्वयक, नवांकुर स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएम इंटर्न एवं परिषद के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।
परिषद के जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने बताया कि सामाजिक सरोकार और जमीनी क्रियान्वयन पर जोर दिया जावें, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं वंचित हितग्राहियों तक पहुँचाने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर कार्य करें, आगामी ग्रीष्म काल में जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन कर जल स्त्रोतों के सरंक्षण संवर्धन के अभियानों को जनभागीदारी से संचालित किया जावें, नवांकुर संस्थाओं को नर्सरी निर्माण, पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल को प्राथमिकता से कार्य करें । साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, जल संरक्षण, जैविक खेती, गौपालन एवं महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करने की समझाइश दी गई। जनसूचना केंद्र, वाचनालय एवं संस्कार केंद्रों के प्रभावी संचालन पर भी बल दिया गया।
विकासखंड समन्वयक श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने MIS के उपयोग एवं आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की। लेखापाल सहलिपिक श्री महावीर दास बैरागी द्वारा स्वयंसेवी संस्थाओ के गठन, संचालन, दस्ताजवेजीकरण और शासन की योजनाओं के विस्तार हेतु प्रशिक्षण, वित्तीय प्रावधानों, दस्तावेजीकरण एवं प्रतिवेदन निर्माण के तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में विकासखंड समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा, श्री युवराज सिंह पंवार, श्री निर्मल अमलियार, श्री मुकेश कटारिया, श्री विजयेश राठौड़ सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सीएम इंटर्न उपस्थिति रहे।