रतलाम रेलवे स्टेशन पर एन.एफ.आर. के अंतर्गत विकसित ‘लक्स्यो प्लाजा मिनी मॉल’ शुरू

रतलाम, 1 मार्च। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 की ओर स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में विकसित किए गए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘ लक्स्यो प्लाजा मिनी मॉल’ का शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह एन.एफ.आर. (नॉन फेयर रेवेन्यू) के अंतर्गत विकसित आधुनिक एवं सुव्यवस्थित मिनी मॉल यात्रियों के लिए सुविधाओं, आराम और मनोरंजन का एक समग्र अनुभव प्रदान करेगा, जिससे स्टेशन परिसर में प्रतीक्षा समय को अधिक सहज और आनंददायक बनाया जा सकेगा।

यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं

‘लक्स्यो प्लाजा मिनी मॉल’ में यात्रियों की विविध आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निम्न सुविधाएं विकसित की गई हैं
•प्रीमियम लाउंज कैफेटेरिया कम रेस्टोरेंट, जहां स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं विविध व्यंजन उपलब्ध होंगे।
•महिलाओं एवं पुरुषों के लिए पृथक वातानुकूलित (एसी) डॉरमिटरी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक ठहराव की सुविधा मिलेगी।
•प्रसिद्ध ब्रांडेड स्टोर्स, जिनमें बास्किन रॉबिंस, कर्नाटक कैफे, ला पिंक पिज्जा, रतलामी नमकीन तथा कॉफी वाला शामिल हैं, जिससे यात्रियों को स्थानीय स्वाद के साथ राष्ट्रीय ब्रांड्स का अनुभव भी प्राप्त होगा।
•रोमांचक प्ले ज़ोन, जो बच्चों एवं परिवारों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
यह परियोजना न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने वाली है, बल्कि रेलवे की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि करेगी। एनएफआर (नॉन-फेयर रेवेन्यू) अनुबंध के अंतर्गत—
•रेलवे को वार्षिक लगभग 60 लाख रुपये की आय प्राप्त होगी।
•10 वर्षों की अवधि में कुल लगभग 8.06 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित होने का अनुमान है।

रतलाम मंडल द्वारा उठाया गया यह कदम रेलवे स्टेशन को केवल यात्रा स्थल ही नहीं, बल्कि यात्री-अनुकूल, सुविधासंपन्न और आधुनिक सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा और यात्रियों को स्टेशन परिसर में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *