आगामी त्यौहारों को लेकर मिलावट के विरुद्ध सघन अभियान

जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की लगातार कार्यवाही

रतलाम 1 मार्च। आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में मिलावट के विरुद्ध सतत कार्यवाही की जा रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता एवं रामचंद्र पांडे द्वारा रतलाम शहर में फर्म महाकाल स्वीट्स एवं नमकीन, क्लॉथ मार्केट से मिर्च पाउडर एवं नमकीन सेव के नमूने लिए गए। जनता सेव भंडार, गणेश देवरी से मिक्चर नमकीन एवं नमकीन सेव के नमूने संग्रहित किए गए। इसी प्रकार शुभम नमकीन भंडार, स्टेशन रोड से नमकीन, ज्योति नमकीन से लौंग से बनी बर्फी एवं दालों के नमूने लिए गए। फर्म रामचंद्र लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, त्रिपोलिया गेट से सिक्का पेड़ा, चना दाल एवं लौंग सेव के नमूने तथा गजानन नमकीन एवं स्वीट्स से केसर बर्फी एवं पैक्ड नमकीन के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा ताल-आलोट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ग्राम सुरजना में पनीर बनाने वाली डेरियों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सांवरिया डेयरी से पनीर एवं घी तथा चामुंडा मिल्क सेंटर से पनीर के नमूने लिए गए। इसके पश्चात बरखेड़ा कला में स्थित होटलों का निरीक्षण कर मेहता होटल से मिठाई का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान चामुंडा मिल्क सेंटर एवं मेहता होटल के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया, जिस पर दोनों के विरुद्ध बिना पंजीयन खाद्य व्यवसाय करने का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
जावरा तहसील में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरिया द्वारा ताहिर ट्रेडर्स, हुसैन टेकरी से घी एवं बेसन तथा हुसैनी मिठाई, हुसैन टेकरी से सोहन हलवा के नमूने लिए गए।
संग्रहित सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी खाद्य संस्थानों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों के संग्रहण एवं विक्रय करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *