डॉ सी एम मेहता के सेवानिवृत्ति पर श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति द्वारा अनुभव की विरासत का सम्मान

  • “सेवा समर्पण और संस्कारों का अभिनंदन” – अभय सुराणा
  • “विद्यार्थियों की सफलता ही मेरे 42 वर्षों की सेवा का सबसे बड़ा प्रतिफल है – ”-डॉ. मेहता

जावरा (अनमोल सुराणा)। श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति, जावरा द्वारा संस्था के मार्गदर्शक एवं शिक्षाविद् डॉ. सी. एम. मेहता के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति अवसर पर उनके निवास पर एक सादे किंतु गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति के उपस्थित सदस्यों द्वारा शाल, पगड़ी एवं मोतियों की माला पहनाकर आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया गया। सभी वक्ताओं ने उनके 42 वर्षों की बेमिसाल शासकीय सेवा को नमन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
संस्था अध्यक्ष अभय सुराणा ने कहा कि डॉ. मेहता का व्यक्तित्व अनुशासन, निष्पक्षता और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक रहा है। उन्होंने संस्था में चुनाव अधिकारी के रूप में पारदर्शिता के साथ कार्य किया है तथा सदैव संगठन को सशक्त मार्गदर्शन प्रदान किया। उनका अनुभव आगे भी संस्था के लिए उपयोगी रहेगा।
अपने उद्बोधन में डॉ. मेहता ने कहा कि शिक्षा उनके लिए केवल सेवा नहीं, बल्कि जीवन साधना रही है। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण ही उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि है। भावविभोर होकर उन्होंने अपनी संस्था श्री श्वेतांबर जैन वरिष्ठ सेवा समिति परिवार द्वारा प्रदान किए गए स्नेहिल सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मेहताजी द्वारा जीव दया हेतु सहयोग राशि प्रदान की गई, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में प्रदीप सेठिया द्वारा सम्मान पत्र का वाचन किया गया । इस अवसर पर सचिव राजकुमार हरण, शैतानमल दुग्गड़, प्रकाश श्रीश्रीमाल एवं अध्यक्ष अभय सुराणा ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदीप सेठिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन सचिव राजकुमार हरण द्वारा किया गया। समारोह सौहार्द, आत्मीयता एवं कृतज्ञता के भावों के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर शैतानमल दुग्गड़, नेमीचंद जैन लोढ़ा, प्रकाश संघवी, राजेन्द्र कोचर, शेखर नाहर नरेन्द्र संघवी, सुभाष डुंगरवाल श्रेणिक नांदेचा, प्रकाश श्रीश्रीमाल, संजय सुराणा, श्रेणिक चौहान,संजय सुराणा हेमंत जैन ऋषभ छाजेड़, प्रदीप सेठिया राजकुमार हरण, अभय सुराणा सहित परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *