इंस्पायर अवार्ड मानक योजना अंतर्गत सत्र 2025-26 चयनित अवॉर्डी सूची जारी

  • 1078 स्कूल के विद्यार्थियों ने अपलोड किए थे 4669 आइडियाज
  • स्कूलों के प्रतिशत के मान से प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा था रतलाम जिला
  • चयन के मान से प्रदेश में दूसरे स्थान पर रतलाम जिला

रतलाम । जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनिता सागर ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना अंतर्गत सत्र 2025-26 में ऑनलाइन आइडिया अपलोड करने में 1078 स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों ने 4669 आइडिया अपलोड करके प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। अवार्ड चयन के मामले में 79 अवॉर्डी के साथ रतलाम जिला दूसरे स्थान पर रहा। जिले के सभी 70 संकुलों के शत प्रतिशत विद्यालयों से आइडिया अपलोड हुए और प्रतिशत के मान से जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला था वहीं देश में 43 वां स्थान प्राप्त हुआ ।
नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन, अहमदाबाद द्वारा प्रदेश भर के सभी जिलों से कुल 1421 विद्यार्थियों को अवॉर्ड के लिए चयनित किया है। जिसमें प्रथम स्थान पर छिंदवाड़ा के 256, द्वितीय स्थान पर रतलाम जिले से 79, तृतीय स्थान पर सतना के 73 अवॉर्डी विद्यार्थियों का चयन हुआ है। रतलाम जिले से कुल 79 बाल वैज्ञानिकों का चयन जिला स्तरीय इंस्पायर प्रोजेक्ट प्रदर्शनी के लिए हुआ, जिसमें आलोट के 16 ,बाजना के 10, जावरा के 14, पिपलोदा के 8, रतलाम के 29 सैलाना के 2 बाल वैज्ञानिकों का चयन हुआ। इन सभी चयनित विद्यार्थियों के खाते में 10000 रूपये की राशि जमा होगी। ये बाल वैज्ञानिक अपने नवाचारी विचार को प्रोजेक्ट के माध्यम से जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शित करेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी एवं इंस्पायर नोडल अधिकारी अनिता सागर ने बताया कि ब्लॉक और संकुलों में नियुक्त विज्ञान शिक्षकों की मेहनत का परिणाम 79 अवॉर्डी नवाचारी बाल वैज्ञानिकों के चयन के रूप में परिणीत हुआ हैं। सभी अवॉर्डी बाल वैज्ञानिको को बधाई देते हुए जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रोजेक्ट कॉम्पिटिशन में अपने नवाचारी विचार को प्रभावी प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी । सहायक संचालक राहुल मंडलोई, सहायक नोडल अधिकारी एडीपीसी अशोक लोढ़ा, जिला विज्ञान अधिकारी सह योजना अधिकारी जितेंद्र जोशी, सहायक विज्ञान अधिकारी स्वतंत्र क्षोत्रिय, आई टी समन्वयक मुकेश ठन्ना, डीवीसी योगेश पाल ने इस उपलब्धि पर सभी विज्ञान शिक्षकों और विद्यार्थियों को हर्ष के साथ शुभकामनाएं दी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *