रतलाम में लगी दो दिवसीय केसरिया एग्ज़ीबिशन, राजपूती परिधानों और ज्वेलरी की दिखी झलक

राजपूत बोर्डिंग में दो दिवसीय आयोजन, राजमाता चंद्रा कुमारी और रानी साहेब कोमल धुर्वे रहीं विशेष अतिथि

रतलाम। केसरिया राजपूत लेडीज सोशल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रसिद्ध केसरिया एग्ज़ीबिशन इस वर्ष रतलाम शहर में 14 और 15 मार्च को राजपूत बोर्डिंग में आयोजित की गई। दो दिवसीय इस प्रदर्शनी में राजपूती संस्कृति, परिधान और पारंपरिक हस्तशिल्प की आकर्षक झलक देखने को मिली।
क्लब की अध्यक्ष गीतांजलि रणावत (सरवाणिया) ने बताया कि इस एग्ज़ीबिशन का उद्देश्य राजपूती परंपरा और हस्तशिल्प को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनी में एक ही छत के नीचे राजपूती परिधान, आकर्षक साड़ियां, हाथ का चूड़ा, कांच की चूड़ियां तथा पारंपरिक राजपूती ज्वेलरी सहित कई प्रकार की वस्तुएं प्रदर्शित की गईं, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे।
कार्यक्रम में राजमाता चंद्रा कुमारी (सैलाना) की विशेष उपस्थिति रही, वहीं रानी साहेब कोमल धुर्वे (गुलाबगढ़) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। साथ ही रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी तथा जी.पी. सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चुंडावत द्वारा किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी में क्लब की सदस्य चंद्रजीत जादौन, रंजना, प्रेरणा, पारुल सिंह और स्मृति चुंडावत सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर विभिन्न पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन किया।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करें और राजपूती संस्कृति से जुड़े आकर्षक उत्पादों का आनंद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *