
रतलाम, 16 मार्च। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्ण सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में रेल सुरक्षा बल द्वारा समय-समय पर विभिन्न जागरूकता अभियान भी संचालित किए जाते हैं।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंडल में शरारती तत्वों द्वारा सवारी गाड़ियों पर पत्थरबाजी, रेलवे ट्रैक अथवा ट्रैक के सहायक उपकरणों से छेड़छाड़, अनधिकृत रूप से ट्रैक पार करना तथा रेलवे ट्रैक पर पशुओं के दुर्घटनाग्रस्त होने जैसी घटनाओं से रेल संचालन प्रभावित होता है। इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के निर्देशन में तथा वरिष्ठ मंडल संरक्षा आयुक्त श्री रामराज मीना के नेतृत्व में रतलाम मंडल पर “रेल के साथ खेल नहीं” अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम का गठन किया गया है। इसी क्रम में दिनांक 16 मार्च 2026 को रेल सुरक्षा बल पोस्ट इंदौर के निरीक्षक जीवन सिंह तंवर, सहायक उपनिरीक्षक महेश चंद मीना तथा अन्य स्टाफ की टीम द्वारा मांगलियागांव के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत सत्य साईं पब्लिक माध्यमिक स्कूल तथा शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मांगलिया गांव तथा इंदिरा नगर, मांगलिया गांव में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 500 से अधिक बच्चे, अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से रेल सुरक्षा बल की टीम ने उपस्थित लोगों को रेल गाड़ियों पर पत्थर न फेंकने, रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार न करने, रेलवे लाइन पर पत्थर अथवा अन्य वस्तुएं न रखने, रेलवे परिसर में वीडियो या रील न बनाने तथा रेलवे संपत्ति से छेड़छाड़ या नुकसान न पहुंचाने के प्रति जागरूक किया। साथ ही यह भी बताया गया कि ऐसी गतिविधियां रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दंडनीय अपराध हैं, जिनमें जुर्माना एवं कारावास दोनों का प्रावधान है।
रेल सुरक्षा बल की टीम ने यह भी बताया कि रेलवे एक राष्ट्रीय संपत्ति है और इसमें आम नागरिक ही यात्रा करते हैं। अतः यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अभियान में उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल का स्वागत किया तथा भविष्य में रेलवे को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।