रतलाम के इतिहास के प्रति सजग प्रहरी स्व. दीपक रायकवार को श्रद्धा-सुमन

स्मृति शेष

रतलाम। रतलाम के इतिहास के प्रति सजग एवं समर्पित व्यक्तित्व, श्री दीपक रायकवार का गत 16 मार्च को अल्पायु में निधन हो गया। उनकी पावन आत्मा नश्वर देह का त्याग कर परम ज्योति में विलीन हो गई। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
आज के सोशल मीडिया युग में, जहाँ छोटी-सी बात भी क्षणभर में प्रसारित हो जाती है, वहाँ उनके निधन की सूचना का समय पर न मिल पाना आश्चर्यजनक रहा। एक सामान्य परिवार में जन्मे श्री रायकवार का जीवन संघर्षों से भरा रहा। एक पैर से शारीरिक रूप से कमजोर होने के बावजूद उन्होंने कभी अपनी कमजोरी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और सदैव मुस्कुराते हुए परिस्थितियों का सामना किया।
परिजनों के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से वे गंभीर गैस्ट्रिक समस्या से पीड़ित थे। यह घटना इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति वाला व्यक्ति भी बीमारी के आगे असहाय हो सकता है।
जिला न्यायालय में सेवारत स्व. रायकवार का रतलाम के इतिहास के प्रति विशेष लगाव था। उन्हें ऐतिहासिक सामग्री के संग्रहण का अद्भुत जुनून था। जहाँ कहीं से भी उन्हें रतलाम से संबंधित कोई जानकारी मिलती, वे उसे सहेजने के लिए तत्पर रहते। किसी भी शोधार्थी या जिज्ञासु को वे निस्वार्थ भाव से आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते थे।
सन् 2009 में महाराजा रतनसिंहजी के जीवन-वृत्त पर पुस्तक लेखन के दौरान भी उन्होंने महत्वपूर्ण ऐतिहासिक सामग्री उपलब्ध कराई। हाल ही में रतलाम राज्य के सिक्कों पर शोध-पत्र हेतु भी उन्होंने अपने संग्रह के सिक्के उपलब्ध कराए। उन्हें लौटाने के लिए न्यायालय में हुई भेंट ही उनसे अंतिम मुलाकात सिद्ध हुई।
स्व. रायकवार अत्यंत सरल, सहृदय एवं आत्मीय व्यक्तित्व के धनी थे। वे सदैव श्रेय और प्रेय से दूर रहकर शांत भाव से अपने कार्य में लगे रहते थे। उन्होंने अपने पास उपलब्ध ऐतिहासिक सामग्री का कभी प्रदर्शन नहीं किया। उनके निधन से रतलाम के इतिहास का एक सच्चा साधक हमसे सदा के लिए बिछड़ गया है।
उनके असामयिक निधन से मित्रों एवं परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति।
— नरेन्द्रसिंह पॅंवार, रतलाम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *