
जावरा (अभय सुराणा) 31 मार्च । जावरा नगर मे दिनांक 02 अप्रैल 2026, गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय (शाहपुरा, भीलवाड़ा) के जगतगुरु स्वामी श्री 1008 रामदयाल जी महाराज का पावन आगमन हो रहा है। अल्पकालीन प्रवास के दौरान आचार्य श्री का नगर के पिपली बाजार स्थित श्रीराम मंदिर में शुभ पदार्पण होगा, जिसे लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह है। इस पावन अवसर पर भव्य स्वागत समारोह एवं चल समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह चल समारोह श्री राम मंदिर, पोरवाल समाज, पिपली बाजार जावरा से प्रारंभ होकर रावण दरवाजा स्थित रामद्वारा पहुंचेगा। वहां आचार्य श्री के मंगलमय प्रवचन होंगे, जिसमें धर्म, आस्था और सदाचार का संदेश दिया जाएगा।
प्रवचन के पश्चात महाआरती एवं प्रसादी का आयोजन रखा गया है, जिसमें सभी श्रद्धालुजन धर्मलाभ प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम को लेकर पोरवाल समाज एवं समस्त नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पोरवाल युवा संगठन के नगर अध्यक्ष नितिन सेठिया ने जानकारी देते हुए समस्त समाजजनों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं तथा धर्मलाभ अर्जित करे।