मानवाधिकार संरक्षण को लेकर आयोग अध्यक्ष से संगठन की सार्थक मुलाकात, संयुक्त कार्ययोजना पर बनी सहमति

संगठन पीड़ित मानवता के क्षेत्र में जो सेवाएं दे रहा है वह सराहनीय है – डॉ सिंह

जावरा 10 अप्रैल (अभय सुराणा)। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश मंत्री शेखर नाहर, संभागीय अध्यक्ष सुरेन्द्र सुराणा कंवरसा, जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण एवं विनोद लूनिया के नेतृत्व में मध्यप्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मानवाधिकारों की सुरक्षा तथा सभी वर्गों को न्यायपूर्ण अधिकार-प्राप्ति सुनिश्चित करने के विषय में विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने अपने जनसंपर्क कार्यों, प्राप्त शिकायतों की सुनवाई तथा जन-समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के अनुभव साझा किए। साथ ही, मानवाधिकार-आधारित समाज निर्माण, कमजोर वर्गों की सुरक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली में जनभागीदारी बढ़ाने एवं शहर-ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष डॉ. सिंह ने संगठन द्वारा पीड़ित मानवता की सेवा में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “मानव अधिकार-संवेदनशील समाज” के निर्माण में गैर-सरकारी संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में संगठन के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने की सहमति भी व्यक्त की।
बैठक में संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम, विषय-आधारित शिविर, विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए विशेष सेमिनार तथा ऑनलाइन-ऑफलाइन शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म के व्यापक प्रचार-प्रसार पर सहमति बनी। साथ ही, मानवाधिकार उल्लंघन की सूचना प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने एवं प्रशासन-न्यायपालिका के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि वे आरोपियों के प्रभाव के बावजूद आमजन के अधिकारों की रक्षा, गरीब, दलित, आदिवासी, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अत्याचार की रोकथाम को प्राथमिकता देते हैं। इस पर आयोग अध्यक्ष ने संगठन के कार्यों को जनहितकारी एवं लोकविश्वास बढ़ाने वाला बताते हुए आगामी समय में संयुक्त कार्ययोजना बनाने की इच्छा व्यक्त की।
अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने डॉ. अवधेश प्रताप सिंह का शाल, पाग एवं मोतियों की माला पहनाकर सम्मान किया तथा उनके नेतृत्व में मानवाधिकार संरक्षण हेतु पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसे भविष्य के जागरूकता एवं जनहित कार्यक्रमों के लिए नई ऊर्जा के रूप में देखा जा रहा है। मुलाकात उपरांत सभी पदाधिकारियों ने पशुपतिनाथ भगवान के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर उपस्थित प्रमुखजन

शेखर नाहर प्रदेश मंत्री, सुरेन्द्र सुराणा कंवरसा संभागीय अध्यक्ष, राजकुमार हरण जिला अध्यक्ष, विनोद लूनिया संभागीय उपाध्यक्ष, ताल से सुनील जैन संभागीय सचिव, श्याम माहेश्वरी, जीवन पितलिया, वीरेंद्र धाकड़, जितेंद्र व्यास मंदसौर से पुष्पा चौहान जिला अध्यक्ष, रसिक बिहारी चौहान जिला अध्यक्ष, डॉ. सुरेश जोशी, बाबूलाल दख, महेश भाटी, संतोष पंवार, योगेश जैन, रमेश चंद्र, बी.एस. सिसोदिया, बलवंत सिंह गुर्जर, कु. यामिनी चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *