मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वर्गीय तेजकुंवरबाई काश्यप को पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं

रतलाम 13 अक्टूबर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य काश्यप की माताजी, धर्मपरायण एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रतलाम स्थित विसाजी मेंशन, स्टेशन रोड पहुंचकर स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप के जीवन का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें भी माताजी का स्नेह सदैव मिलता रहा। उन्होंने कुक्षी जैसे छोटे स्थान से अपनी जीवन यात्रा प्रारंभ की। पति के निधन के बाद उन्होंने अपनी छोटी-छोटी संतानों को संभाला और उन्हें संस्कारों के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने दूरदृष्टि के साथ अपने पुत्रों को कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी और परिवार को सुदृढ़ आधार प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतान ही अमरता की निशानी है। स्वर्गीय श्रीमती तेजकुंवरबाई काश्यप ने अपने उत्तराधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपकर उनकी कार्ययात्रा को आगे बढ़ते हुए देखा। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास, स्वावलंबन और संस्कार निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तेजकुंवरबाई के नाम में ही तेज समाहित था और उनका तेज सदैव सबके कल्याण के लिए रहा। उन्होंने उनके जीवन की यात्रा को निकट से देखा है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा को शत-शत नमन करते हुए परमात्मा के श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रदीप उपाध्याय ने किया। इस दौरान परिवार सदस्यों में श्री सिद्धार्थ काश्यप, श्री श्रवण काश्यप, श्री सारांश काश्यप, श्रीमती भावना शैलेन्द्र मानावत, नगर पालिका निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, RDA अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल सहित राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी प्रशासनिक अधिकारियों में कमिश्नर श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री अजय कटेसरया, डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार सहित अन्य जिलाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *