निगम का बजट (आय-व्यय पत्रक) पारित

रतलाम 10 अप्रैल । निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित निगम के साधारण सम्मिलन में वित्तिय वर्ष 2026-27 का आय-व्यय पत्रक (बजट) पारित किया गया।
ज्ञातव्य है कि 7 अप्रैल मंगलवार को निगम के साधारण सम्मेलन में महापौर प्रहलाद पटेल ने अर्थ वर्ष 2026-27 का आय-व्यय पत्रक (बजट) जिसमें निगम के विभिन्न स्त्रोतों से आय, अंशदान एवं अनुदान से होने वाली प्रस्तावित अनुमानित आय रूपयें 54353.50 (पांच अरब तिरयालीस करोड त्रैपन लाख पचास हजार रूपयें) तथा इसके विरूद्ध होने वाले प्रस्तावित अनुमानित व्यय रूपयें 54323.03 (पांच अरब तिरयालीस करोड तेवीस लाख तीन हजार रूपयें) होगा। इस प्रकार रूपयें 30.47 (तीस लाख सैतालीस हजार रूपयें) की बचत का प्रस्तुत किया था।
आयोजित सम्मेलन में अर्थ वर्ष 2026-27 का आय-व्यय पत्रक (बजट) में विचार-विमर्श के लिये पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किये। नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा द्वारा अपने विचार व्यक्त कर बजट का विरोध करते हुए कांग्रेस पार्षद दल द्वारा सदन से वॉक आउट किया। पश्चात महापौर प्रहलाद पटेल व नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया ने नगर की विभिन्न विकास योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात् सदन में उपस्थित भाजपा पक्ष के पार्षदां द्वारा सर्वसम्मति से बजट पारित किया। निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा ने सम्मानित सदस्यों द्वारा प्रकट की गई समस्या व सुझाव के संबंध में निगम आयुक्त अनिल भाना को निर्देशित किया।
निगम के साधारण सम्मेलन में महापौर प्रहलाद पटेल, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, नेता प्रतिपक्ष शांतिलाल वर्मा, महापौर परिषद सदस्य व पक्ष व प्रतिपक्ष के पार्षदगणों ने चर्चा में हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *